उत्तर प्रदेश

सरकारी नौकरी का झांसा दे लाखों ठगा, थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र

लखनऊ। आलमबाग कोतवाली क्षेत्र में शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देते हुए ठग ने एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये हड़प लिए। पीडि़त ने डीसीपी मध्य से मुलाकात कर उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद आलमबाग कोतवाली में जालसाज के खिलाफ  मुकदमा दर्ज किया गया है।
गढ़ी कनौरा निवासी उपेंद्र विक्रम चौधरी की पहचान हरदोई कछौना निवासी अवधेश कुमार से थी। मुलाकात के दौरान उपेंद्र ने बहनोई की नौकरी कहीं लगवाने के लिए कहा था। इस पर अवधेश ने शिक्षा विभाग में पकड़ होने का दावा किया था। आरोपी ने बताया था कि रुपये खर्च करने पर वह नौकरी लगवा सकता है। बहनोई की नौकरी के लिए आरोपी ने ढाई लाख रुपये का खर्चा होने की बात कही थी। अगस्त 2018 में उपेंद्र ने 75 हजार रुपये नगद और एक लाख 75 हजार रुपये अवधेश के खाते में जमा किए थे। आरोपी ने नियुक्ति पत्र दिया था। जिस लेकर शिक्षा विभाग पहुंचने पर जाली नियुक्ति पत्र होने का पता चला। इस बात की शिकायत करने पर अवधेश ने शिक्षा विभाग की जगह राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद पर भर्ती कराने की बात कही थी। इस पर भी फर्जी नियुक्ति पत्र आरोपी ने दिया था। जिसकी पुष्टि कॉलेज पहुंचने पर हुई थी। उपेंद्र ने रुपये लौटाने के लिए कहा था तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। फिर उपेंद्र को धमकाने लगा। ठग से परेशान उपेंद्र ने डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक से मुलाकात कर उन्हें घटना की जानकारी दी थी। जिनके निर्देश पर आलमबाग कोतवाली में अवधेश कुमार के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *