गजब है! मऊ में दो साल से शो पीस बनी 01 करोड़ 35 लाख की पानी की टंकी

@ रामप्रवेश नदवासराय से…
नदवासराय/मऊ। लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी मिले जिसको ध्यान में रखकर शासन नित्य इस ओर काम कर रही है। लेकिन करोड़ों रुपया खर्चा होने और पानी की टंकी बने हुए 2 साल का समय बीत जाने के बाद भी लोग शुद्ध जल पीने के लिए तरसे और अधिकारी शासन की मंशा का मजाक उड़ाए तो आमजन क्या कर सकता है। बताते चलें कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकबरबोझी में उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा वर्ष 2018-19 मे एक करोड़ पैतीस लाख रुपये की लागत से पानी की टंकी बनवाई गई, जिसका कार्य लगभग दो वर्ष पहले ह पूरा हो चुका है। लेकिन पानी की टंकी का उद्घाटन और शुद्ध पेयजल मिलने की तिथि दोनों का जनता बांट जोह रही है। जबकि शुद्ध पानी के इन्तजार में सैकड़ों ग्रामीण एक वर्ष पहले ही अपने घरों में कनेक्शन करा चुके हैं। इस बाबत ग्राम पंचायत चकबरबोझी के पूर्व प्रधान आशीष कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में शुद्ध पेयजल के लिए लगाई गई पानी की टंकी मे पम्प हाऊस, स्टाफ रूम, पानी टैंक बाउंड्री वाल के साथ गांव के दोनों राजस्व गांवों बरबोझी एवं चकबरबोझी महरुपुर मे लगभग साढ़े ग्यारह किलोमीटर अंदर ग्राउंड पाईप वायरिंग का कार्य एक वर्ष पूर्व ही पूर्ण रूप से हो चुका है और इसका बकायदा टेस्टिंग भी हो चुका है। लेकिन आजतक विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण इसका संचालन नहीं हो सका है इधर ग्रामीण आकाश वर्मा, हरिनाथ सिंह, जवाहर गोड़, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, गोरा भैया, फूूलपूजन, लालविहारी, अश्विनी सिंह, अखण्ड प्रताप मिश्र, अजय प्रताप सिंह, जगमोहन, ओमप्रकाश गुप्ता का कहना है कि दो वर्ष से इसके आरम्भ होने की आशा लगी है जिससे हम ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल पीने को मिलेगा और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव होगा, लेकि ग्राम पंचायत चकबरबोझी मे दो वर्ष से उद्घाटन के इंतजार में सफेद हाथी बनकर पानी की टंकी खड़ी है। लोगों का कहना है कि इस ओर जिलाधिकारी मऊ को पहल कर पानी की टंकी को शीघ्र से शीघ्र चालू कराया जाना चाहिए।

