मऊ में 26 महिलाओं ने नसबंदी करा कर दिया परिवार नियोजन को बढ़ावा

मऊ। परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक में आयोजित विशेष नसबंदी शिविर में 26 महिलाओं ने नसबंदी की सेवा प्राप्त की। इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन भी सुनिश्चित किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश कुमार चंद्रा ने बताया कि ‘छोटा परिवार सुखी परिवार’ की सोच को साकार बनाने के लिए परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत दी जाने वाली सेवाओं और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के अंतर्गत ब्लाक के विभिन्न गांवों की 26 महिलाओं को नसबंदी की सेवा प्रदान की गई। नसबंदी अपनाने पर दी जाने वाली 1400 रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके पंजीकृत खाते में नियमानुसार भेज दी जायेगी।
डॉ दिनेश कुमार चंद्रा ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अंर्तगत प्रसव इकाईयों पर समस्त अस्थायी विधियां यथा पीपीआईयूसीडी, अन्तराल आईयूसीडी, अन्तरा त्रैमासिक इन्जेक्शन, छाया साप्ताहिक गोली, कण्डोम, माला-एन गर्भनिरोधक गोलियां आदि की सुविधा है। इन्हें अपनाकर “ छोटा परिवार सुखी परिवार” बनाया जा सकता है।
सर्जन डॉ अनिल कुमार ने बताया कि महिला नसबंदी में एक छोटा सा आपरेशन किया जाता है, जो कुछ ही देर में हो जाता है। इसमें ज्यादा परेशानी नहीं होती है। महिला को किसी भी प्रकार के कामकाज में भी समस्या नहीं आती है और भविष्य में गर्भ ठहरने की समस्याओं से स्थाई छुटकारा मिल जाता है।
खालिदा वालिदपुर निवासी पूनम ने बताया कि पति की सहमति के बाद मैंने नसबंदी कराई है। मुझे कोई समस्या नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग की यह बहुत ही अच्छी व्यवस्था है। चालिसवा निवासी सोनम ने बताया कि मुझे गाँव की आशा कार्यकर्ता से जानकारी हुई थी। डाक्टर को दिखाकर नसबंदी कराया है। यह निःशुल्क है। यह स्वास्थ्य विभाग की अच्छी व्यवस्था है।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मी भी मौजूद रहे। परिवार नियोजन विशेषज्ञ के अलावा डॉ इरशाद अहमद, डॉ धर्मराज, डॉ अशोक चौहान फार्मासिस्ट नंदकिशोर चौधरी, राजेंद्र कुमार और राममूर्ति यादव समेत स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर में सहयोग दिया।

