चेक बाउंस होने पर बैटरी व्यापारी का घर कुर्क, सामान जब्त

खानपुर/गाजीपुर। क्या आप किसी दुकान से सामान खरीदकर दुकानदार को चेक देते हैं, तो व्यवसाय में चेक का लेन-देन अच्छी बात है। लेकिन आपको चेतने व सावधान होने की जरूरत है। अगर आप किसी भी सामान या अन्य कारणों से किसी को चेक देते हैं तो चेक का भुगतान समय से हो जाए यह जिम्मेदारी आपकी बनती है। अगर चेक बाउंस हुआ तो आपकी खैर नहीं। अब ऐसे मामले तेजी से बढ़ने के बाद अब न्यायालय द्वारा इस तरह के मामलों में जल्दी सुनवाई कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामला गाजीपुर जनपद क्षेत्र के हथौड़ा गांव का है। जहां के निवासी व बैटरी व्यवसायी विजय प्रजापति के घर पुलिस ने छापा मारा और न्यायालय के आदेश के बाद उसके घर की कुर्की करते हुए सामान जब्त कर लिया।
सिधौना बाजार में बैटरी की दुकान करने वाले विजय प्रजापति पुत्र जीउत ने बीते दिनों वाराणसी की दुकान से बैटरी खरीदा और उसके भुगतान के लिए 2 लाख रूपए का चेक दिया। चेक बाउंस हो गया, जिसके बाद दुकानस्वामी ने उक्त भुगतान के बावत कई बार विजय को कहा, लेकिन उन्होंने इस बाउंस चेक के भुगतान को गंभीरता से नहीं लिया। दुकानदार ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
इस मुकदमे में कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा वारंट जारी कर दिया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने न्यायालय द्वारा मिले कुर्की के वारंट के आधार पर आरोपी के घर की कुर्की की और घर में मिले चारपाई, पंखा, चौकी, बर्तन, कंबल आदि सामान जब्त कर थाने पहुंचाया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

