प्रधानमंत्री मोदी झूठ के सरताज : अतुल अंजान

मऊ । भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित एक गृहस्त प्लाजा के लान में प्रेसवार्ता में कहा वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण आज महंगाई चरम स्तर पर पहुंच गई हैं, वहीं युवा वर्ग बेरोजगार होकर डिग्री लेकर रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटकने को विवश है। जबकि प्रधानमंत्री लगातार झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी झूठ के सरताज हैं।
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव श्री अंजान ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डीजल व पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुआ है। पेट्रोल 120 रुपया लीटर तथा डीजल 110 लीटर पार कर जाएगा, इसकी किसी ने भी कभी कल्पना नहीं किया था। तेल के दामों में वृद्धि का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम के आधार पर देखा जाए तो अपने देश में तेल की कीमतें अधिकतम 30 से 35 लीटर होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अडानी- अंबानी जैसे पूंजीपतियों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कोरोना वैक्सीन जो जनता को मुफ्त में मिल रहा है, उसका पूरा श्रेय विपक्ष और सुप्रीम कोर्ट को जाता है। क्योंकि सरकार ने तो पहले ही सरकारी अस्पतालों व प्राइवेट अस्पतालों में लगने वाले वैक्सीन की दर निर्धारित कर दिया था।
