वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान ने दिवंगत संस्थापक सदस्य को दी श्रद्धांजलि
मऊ। कोरोना से बचाव के सभी निर्देशों का पालन करते हुए दिनांक 3 अगस्त 2020 को वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान- मऊ की आकस्मिक बैठक अध्यक्ष श्री राजनाथ तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई| इस बैठक में जीवन राम इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय भोलानाथ शास्त्री के पुत्र काशीनाथ द्विवेदी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया एवं श्रद्धांजलि दी गयी। काशीनाथ द्विवेदी 92 वर्षों के थे, उनके मऊ स्थित आवास पर गत रविवार रात्रि 8 बजे उनका परलोकगमन हो गया। वे बिहार राज्य में जिला कृषि अधिकारी के पद से अवकाश प्राप्त थे। श्री द्विवेदी वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष थे। अपने मिलनसार स्वभाव और हंसमुख व्यक्तित्व के कारण उनके सानिध्य में सबको सहजता का अनुभव होता था। संस्थान के अध्यक्ष राजनाथ तिवारी ने बताया कि “ काशीनाथ द्विवेदी का निधन हमारी संस्थान के लिए अपूर्णीय क्षति है। संस्थान के सदस्यों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे श्री द्विवेदी को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कृपा करे। ” इस बैठक में मुख्य रूप से रामजी उपाध्याय ( पूर्व प्राध्यापक, डी.एव.वी), ब्रजभूषण पाण्डेय (पूर्व ए.आर.टी.ओ), सुरेन्द्र नाथ पाण्डेय ( सचिव,वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान), दयाशंकर तिवारी (वरिष्ठ साहित्यकार), के के तिवारी आदि उपस्थित रहे।


