अपना जिलाशोक संदेश

खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में टकरा कर प्रभारी प्रधानाध्यापक की दर्दनाक मौत

( फतेह बहादुर गुप्ता)

रतनपुरा(मऊ) । शिक्षा क्षेत्र रतनपुरा अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय अतरौल पाण्डेय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह 48 वर्ष की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई । यह दर्दनाक हादसा बुधवार की सायं 7:30 बजे के लगभग की है।
बताया जाता है कि अतरौल पांडेय ग्राम पंचायत निवासी संजय कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय लाल बहादुर सिंह रतनपुरा प्रखंड के अतरौल पांडेय स्थित कम्पोजिट विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे । वे प्रतिदिन अपने मऊ स्थित आवास से बाइक द्वारा अतरौल पांडेय विद्यालय पर शिक्षण कार्य करने आते थे । बुधवार को वह विद्यालय पर शिक्षण कार्य करने आए थे, और विद्यालय का कार्य निपटाने के बाद वह सायंकाल बाइक से अपने मऊ स्थित आवास पर जा रहे थे कि वह अनियंत्रित होकर खड़ी ट्राली से टकरा गये ।जिससे उनकी मौत हो गई ।पिछले कुछ दिनों से संजय सिंह मऊ में ही मकान बनाकर परिवार सहित रहते थे । जैसे ही उनकी बाइक रतनपुरा कस्बा के डीह तिलक ठाकुर पूरवे के समीप पहुंची, उसी दौरान सामने से आ रही एक ट्रक की तेज रोशनी से उनकी आंखें चुंधिया गई, जिससे अपनी बाइक सड़क के किनारे करना चाहे परंतु सड़क पर खड़ी ट्राली से उनकी बाइक टकरा गई, और हेलमेट पहनने के बावजूद भी उनके सिर का अगला हिस्सा बुरी तरह चोटिल हो गया। वे सड़क पर गिरकर तड़फङा रहे थे ,तभी मऊ का एक युवक जो रतनपुरा से मऊ को जा रहा था ,उसने सड़क पर तड़पते एक घायल व्यक्ति को देख कर अपनी गाड़ी रोकी, तब तक कुंजवन कुटीर के महंत अरुणेश त्रिपाठी पहुंच गए, और उन्होंने घायल की पहचान अतरौल पांडेय निवासी संजय कुमार सिंह के रूप में की ।तथा तुरंत दूरभाष से उनके परिजनों को सूचित किया ।और संजय सिंह को एक टेंपो रोककर उन्हें उपचारार्थ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा ले जाया गया । सूचना पर परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए, परंतु प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया । रतनपुरा से मऊ अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई । जब वह मऊ के एक निजी चिकित्सालय में पहुंचे तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया । बुधवार को घटित इस खबर से संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई ।खासकर शिक्षा क्षेत्र में तो लोग काफी सदमे में रहे । सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया । पोस्टमार्टम के बाद शव मऊ से जब उनके पैतृक गांव अतरौल पांडे य पहुंचा तो सैकड़ों की भीड़ शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने और मृतक प्रधानाध्यापक को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच गये। परिवारी जनों के करुण क्रंदन से संपूर्ण वातावरण शोकमग्न हो गया था । हर तरफ सिर्फ एक ही आवाज आ रही थी की विधाता ने यह क्या कर दिया ।

लगातार बारिश के बावजूद भी बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन कर परिजनों को ढाढस बढ़ाया और श्रद्धांजलि अर्पित की । उनका अंतिम संस्कार गाजीपुर स्थित गंगा घाट पर किया गया।

मृतक प्रभारी प्रधानाध्यापक की मां पत्नी और बच्चों का रोते-रोते बुरा हाल

रतनपुरा (मऊ) । दुर्घटना में मृत कम्पोजिट विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह, हलधरपुर इंटरमीडिएट कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य स्वर्गीय लाल बहादुर सिंह के पुत्र थे । संजय सिंह कुल तीन भाई थे, उनके बड़े भाई धनंजय सिंह मथुरा महाविद्यालय रसङा बलिया में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं । दूसरे नंबर पर संजय कुमार सिंह थे ,जिनकी दुर्घटना में मौत हो गई ,और उनके तीसरे भाई मृत्युंजय कुमार सिंह भी रतनपुरा शिक्षा क्षेत्र के मऊ कुबेर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं । मृतक संजय सिंह के 2 पुत्र हैं । बङे पुत्र आनंद प्रताप सिंह कृषि स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हैं, एवं इनका छोटा पुत्र राघवेंद्र प्रताप सिंह कक्षा 11वीं का छात्र है । इनकी माता श्रीमती कलावती देवी 80 वर्ष, पत्नी श्रीमती मीना सिंह सहित परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है । उन्होंने रोते हुए कहा कि हमें कितना दुख देखना है ,मरना मुझे चाहिए था ।लेकिन आज मुझे अपने बेटे को मरना देखना पड़ रहा है । दुर्घटना में मृत विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह का अंतिम संस्कार गाजीपुर गंगा घाट पर किया गया ।उनके निधन से गांव में चूल्हे नहीं जले । सब लोग उनकी उदारता एवं परोपकारी भावना की चर्चा करते रहे । खंड शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में एक शोक सभा हुई। जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला, और कहा कि कम्पोजिट विद्यालय अतरौल पांडेय को उच्च स्तर पर ले जाने का जो कार्य संजय कुमार सिंह ने किया है ,उसके लिए वो शिक्षा जगत में हमेशा प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे ।बुधवार की शाम दुर्घटना में मृत विद्यालय के प्रभारी संजय कुमार सिंह रतनपुरा से मऊ के लिए प्रस्थान करने से पूर्व उन्होंने मऊ स्थित आवास पर फोन करके परिजनों से कहा कि रतनपुरा से चल दिया हूं ,पकौड़ी बनाकर रखना। परंतु उन्हें क्या पता था कि वह अपने आवास पर नहीं पहुंच पाएंगे, और रास्ते में ही उनका प्रणांत हो जाएगा। परिजन पकौड़ी बनाकर उनका इंतजार करते रहे कि वह कब आएंगे ।परंतु आई तो उनकी मौत की खबर। इसी को कहते हैं विधि का विधान। गुरुवार के दिन अतरौल पांडेय सहित आसपास के गांवो में इस घटना से मातम पसरा हुआ है। शिक्षकों से सुसज्जित इस परिवार में इस हृदय विदारक घटना से सभी लोग सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *