निलंबन और बर्खास्तगी के बाद 9 ब्लॉकों की होगी स्पेशल ऑडिट: शासन
■ मनरेगा योजना में जमकर हुई धांधली का मामला
मऊ। जनपद के रतनपुरा ब्लाक पर खंड विकास अधिकारी के निलंबन और लेखा अधिकारी, एपीओ तकनीकी सहायक समेत कइयों की बर्खास्तगी होने के बाद एक बार फिर से 9 ब्लॉकों के प्रधानों एवं सचिवों की कारस्तानी की जांच शासन की टीम कर सकती है ।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक मनरेगा के सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग होने का मामला योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गई है। ऐसे में मऊ जिले में घोटाले की फेहरिस्त लंबी होने की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक एक एक ग्राम सभा का स्पेशल ऑडिट होना है , ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो जाए। ऐसे में अभी से ही विभिन्न ग्राम सभाओं के सचिवों और प्रधानों समेत खंड विकास अधिकारी कार्यालयों के अधिकारियों कर्मचारियों के हाथ-पांव फूलने लगे हैं।
पूछे जाने पर विकास भवन कार्यालय एवं मनरेगा के अधिकारियों कर्मचारियों ने चुप्पी साध रखी है कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

