अपना जिलाचर्चा में

“वत्स तुसी ग्रेट हो”
अतुल वत्स के एक्शन लेने पर कोपागंज के नागरिकों की अब होगी वास्तविक स्कैनिंग


(श्रीराम जायसवाल)

नगर के 1052 घरों के 56% घरों में लगभग 30 हजार लोगों की सर्वे के आधार पर क्लीन चिट देने के बाद सन्तुष्ट नहीं थे नोडल अधिकारी अतुल वत्स


मऊ। जनपद के कोपागंज कस्बा में गत दिनों एक युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर समूचे कस्बे को हॉटस्पॉट जोन बनाकर वहां स्थित 1052 घरों की सघन जांच का आदेश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया। उक्त हॉटस्पॉट पर सघन निगरानी रखने के लिए प्रशिक्षु आईएएस सदर एसडीएम अतुल कुमार वत्स को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया। कस्बे के 1052 घरों में रहने वाले लोगों की जांच के लिए 36 टीमों का गठन किया गया जहां पर प्रति टीम में तीन लोग नियुक्त किए गए। इस दौरान (लगभग 56%) 590 घरों में रहने वाले लगभग 30 हजार लोगों की सर्वे के बाद एक भी सर्दी जुकाम व बुखार का पेशेंट नहीं पाए जाने पर नोडल अधिकारी अतुल वक्त ने पूरी जांच पर ही सवालिया निशान लगा दिया। उन्होंने इस जांच को पुनः कराए जाने का मांग जिलाधिकारी से रखी।

टीम में फेरबदल, सघन जांच के लिए अधिकारियों ने बनाई नई रणनीति
हॉट स्पॉट के नोडल अधिकारी व सदर एसडीएम अतुल वत्स के इस बयान के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज में तैनात प्रभारी चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों में असंतोष उपज गया। उक्त स्वास्थ्य कर्मी आंदोलन के मूड में भी आ निकले जिसे अधिकारियों द्वारा वार्ता कर समाप्त कराया गया। इसके बाद जांच के दौरान पता चला कि 36 टीमों द्वारा प्रत्येक घरों से महज मौखिक रूप से बीमारी के विषय में जानकारी प्राप्त कर अपने कर्तव्य को पूरा मान ले रहे थे, जबकि नियमानुसार सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग होनी चाहिए। जिसको अमल में लाये जाने का कार्य शुरू हो गया है। जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के निर्देश पर सोमवार से समूचे कोपागंज कस्बे के लोगों का थर्मल स्क्रीनिंग शुरू किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी संख्या में थर्मल स्कैनर मंगाया
रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतीशचन्द सिंह ने बताया कि अब हॉटस्पॉट क्षेत्र कोपागंज की स्कैनिंग के लिए 36 टीम के स्थान पर महज 17 टीम बनाए गए। लेकिन जहां पहले टीम में तीन सदस्य थे वहां अब टीम में सदस्यों की संख्या बढ़ाई जा रही है। गौरतलब है कि कोपागंज नगर पंचायत क्षेत्र में 17 वार्ड हैं प्रत्येक टीम प्रति वार्ड में वहां के सभासदों को लेते हुए स्केनर मशीन द्वारा सभी व्यक्तियों की स्कैनिंग कराते हुए मेडिकल जांच करेगी। प्रशासन के इस निर्णय से हॉटस्पॉट क्षेत्र के साथ ही जनपद वासियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि शतप्रतिशत स्क्रीनिंग के लिए बड़ी संख्या में थर्मल स्क्रीनर मंगाया जा रहा है।

पॉजिटिव युवक के परिजनों सहित अब तक 405 लोगों की हो चुकी है कोरोना जांच: जिलाधिकारी प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अब तक जनपद मऊ से 405 लोगों के सैंपल एकत्रित कर कोरोना जांच के लिए भेजे गए जिसमें 371 लोगों के रिपोर्ट मिल चुके हैं। जिनमें 1 युवक पॉजिटिव व 370 निगेटिव निकले शेष 34 लोगों की जांच रिपोर्ट शीघ्र ही आ जाएगी। सबसे बड़ी बात है कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के परिजनों सहित उसकी ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर 43 लोगों के नमूने भेजे गए थे, जिसमें सभी निगेटिव पाए गए। जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हॉटस्पॉट के तहत कोपागंज के लोगों का शत-प्रतिशत थर्मल स्क्रीनिंग कराया जाएगा। इसके लिए पूर्व में 36 टीम बनाई गई थी। लेकिन अब 17 वार्ड में 17 टीम जांच का काम करेगी। इस कार्य मे किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। अभी फिलहाल स्वास्थ्य टीम के साथ वार्ड सभासद को लगाया गया है। आवश्यकता पड़ी तो राशन कोटेदार, पैरामेडिकल स्कूलों से छात्र-छात्राएं एवं प्राइवेट चिकित्सकों की भी सहायता ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *