विधायक विजय राजभर ने लिया पद, ईमानदारी और गोपनीयता की शपथ
■ अपना मऊ की तरफ से बधाई
■ सपा नेता अरशद जमाल ने दी बधाई, शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे मऊ जिले के भाजपा के कई नेता
उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने सोमवार को विधान भवन स्थित राजर्षि पुरूषोत्तम टण्डन हॉल में मऊ जनपद के 354 घोसी विधानसभा सीट पर नवनिर्वाचित विधायक विजय राजभर सहित रामपुर जिले के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र सं0-37 रामपुर की विधायिका, डा0 तंज़ीम फातिमा, अलीगढ़ जिले के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र सं0-77 इगलास के विधायक, राजकुमार सहयोगी, कानपुर नगर जिले के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र सं0-212 गोविन्द नगर के विधायक, सुरेन्द्र मैथानी, बहराइच जिले के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र सं0-282 बलहा की विधायिका, श्रीमती सरोज सोनकर को विधान सभा की सदस्यता की शपथ दिलायी।
सभी विधायकों ने विधान सभा अध्यक्ष, श्री दीक्षित के समक्ष उपस्थित होकर शपथ ग्रहण की। विधान सभा अध्यक्ष ने उन्हें संविधान, विधान सभा कार्य संचालन नियमावली एवं स्वलिखित पुस्तक ‘हिन्द स्वराज्य का पुनर्पाठ‘ भेंट की।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने सभी विधायकों को बधाई देते हुए कहा कि वह विधान सभा में एक जागरूक एवं सफल विधायक के रूप में कामयाब हो और जीवन में यशस्वी हो तथा सदन में होने वाले वाद-विवाद में हिस्सा लेकर अपने क्षेत्र की जनता के जनहित की समस्याओं के निराकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाये।
घोसी विधानसभा चुनाव निर्वाचित विधायक विजय राजभर के शपथ ग्रहण समारोह में मऊ के जिलाध्यक्ष मऊ के जिलाध्यक्ष दुर्ग विजय राय, जिला उपाध्यक्ष गणेश सिंह, संदीप उपाध्याय, नीरज राही, अजीत सिंह, तन्मय सिंह, राजू सिंह सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व चेयरमैन अरशद जमाल ने नवनिर्वाचित विधायक को बधाई देते हुए बताया कि विजय मेरी पत्नी शाहिना अरशद जमाल के कार्यकाल में मेरे साथ सभासद रहे हैं और यह गौरव की बात है कि वे अब विधानसभा के अंदर घोसी का प्रतिनिधित्व करेंगे।

