अखिलेश यादव ने रविंद्र यादव को बनाया मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड का राष्ट्रीय सचिव
मऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता रविंद्र यादव को समाजवादी पार्टी ने नई जिम्मेदारी से नवाजा है। उन्हें समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया गया है। यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव दुबे ने मनोनयन पत्र जारी करते हुए रविन्द्र यादव से मुलायम सिंह यादव यूथ बिग्रेड व समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।
रविंद्र यादव जिले के रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव के निवासी हैं। वह पूर्व में मुहम्मदाबाद गोहना स्थित संत गणिनाथ राजकीय पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। छात्रों के मुद्दों को लेकर पूर्वांचल में हुए कई आंदोलनों में सक्रिय भूमिका में रहे हैं। वर्ष 2004 में आजमगढ़ मंडल स्तर पर पुलिस महानिदेशक द्वारा आयोजित व्याख्यान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तत्कालीन राज्यपाल बीएल जोशी द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र व सम्मान दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी तन्मयता से निर्वहन करेंगे। देश भर के नौजवानों को समाजवादी नीतियों से जोड़कर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में झूठे वादों वाली भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। श्री यादव के मनोनयन पर मऊ जनपद के समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित उनके शुभचिंतकों समर्थकों एवं गांव वासियों में खुशी की लहर है। लोगों ने कहा कि रविंद्र यादव राजनीति के क्षेत्र में मऊ का नाम रोशन करेंगे।

