अपना जिला

जिलाधिकारी व पालिकाध्यक्ष द्वारा गौवंश आश्रय का संयुक्त लोकार्पण

मऊनाथ भंजन। नगर पालिका क्षेत्र स्थित ख्वाजाजहांपुर (गाय घाट) में लगभग 28 लाख रूपये की लागत से नव निर्मित गौवंश आश्रय का आज लोकार्पण हो गया। यह उद्घाटन संयुक्त रूप से जिलाधिकारी प्रकाश बिन्दु एवं पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने सभासद आशीष कुमार, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा, कर अधीक्षक गुफरानुल हई, अवर अभियंता चन्द्रप्रकाश दूबे एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में किया।
लोकार्पण के उपरान्त जिलाधिकारी ने इस नव निर्मित गौवंश आश्रय का समयक निरीक्षण किया एवं अधिशासी अधिकारी को इसकी आवश्यकताओं की तीव्र एवं शीघ्र पूर्ति के निर्देश दिये। उन्होंने प्रेस से बात चीत में कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पूरे जनपद में ऐसे कई गौवंश आश्रय का निर्माण किया जा रहा है। इसके बन जाने से शहर में घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ कर यहां उन्हें आश्रय दिया जायेगा। उनके रहने सहने, खाने पीने एवं स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जो आवारा पशु किसानों के खेतों को चट कर जाते हैं उस पर भी काबू पाने में इससे काफी मदद मिलेगी।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश पर गौवंश आश्रय की देख रेख के लिये फौरी तौर पर फिल हाल दो लोगों की अस्थायी रूप से व्यवस्था कर दी गयी है। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि इस गौवंश आश्रय में देख रेख करने वालों के रहने के लिये एक कमरा, पशुओं को खाने के लिये हौद, पानी एवं फूस की प्रचुर मात्रा में व्यवस्था की गयी है, जबकि भविष्य में आवश्यकतानुसार इन पशुओं के रख-रखाव व स्वास्थ्य तथा आहार के सम्बन्ध में हर प्रकार के प्रबन्ध किये जायेंगे।
लोकार्पण के उपरान्त पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने कहा कि सरकार की मंशा के मुताबिक पालिका द्वारा यहां सरकार की गाइड लाइन व मानक के अनुरूप सर्वगुण सम्पन्न इस गौवंश आश्रय का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने प्रेस द्वारा पूछे गये एक प्रश्न का उत्तर देते हुये कहा कि इस गौवंश आश्रय में लगभग 70-75 आवारा पशुओं को एक साथ रखने की व्यवथा की गयी है। छोड़े गये पशुओं को पकड़ कर यहां लाकर बांध दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि जो लोग दूध निकाल कर इन्हें खुला छोड़ देते हैं उन्हें चिन्हित कर उनके विरूद्ध पेनाल्टी लगायी जायेगी।
दिनाँकः 28.01.2019
सालिम अंसारी
मीडिया प्रभारी       

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *