मऊ की गौरव : एक और बहू ‘स्वाति अग्रवाल’ बनी पीसीएस अधिकारी
मोहम्मदाबाद गोहना/ मऊ। बेटियों के साथ अब बहुओं का भी कुछ अलग कर दिखाने का जज्बा सामने आ रहा है। चूल्हा चौका के अलावा बहुओं ने अब उच्च शिक्षा की पढ़ाई के साथ साथ आईएएस – पीसीएस की नौकरी में भी अपना अहम स्थान बनाने में पीछे नहीं हैं। स्थानीय कस्बे के व्यापारी बद्री नारायण अग्रवाल की पुत्री स्वाति अग्रवाल ने पीसीएस की परीक्षा पहली बार में ही पास कर असिस्टेंट कमिश्नर कोऑपरेटिव का पद पाकर जनपद सहित परिजनों का नाम रोशन किया है। स्वयं 2015 से सहायक अध्यापक के रूप में मोहम्मदाबाद के ही एक जूनियर हाई स्कूल में पढ़ा रही स्वाति घर के कामकाज के अलावा कभी पढ़ाई और तैयारी से पीछे नहीं हटी। प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर मोहम्मदाबाद, हाई स्कूल एवं इंटर चिल्ड्रेन कॉलेज आजमगढ़, बीएससी व बीएचयू से करने के बाद स्वाति का सपना अधिकारी बनने का था, जो उसने पहली बार में पीसीएस अधिकारी बनकर यह साबित कर दी की मेहनत व लगन हो तो मंजिल दूर नहीं है। अपने इस सफलता का श्रेय माता, पिता, गुरुजन के साथ पति जो इलाहाबाद बैंक मऊ में नौकरी करते हैं को देती हैं। उनका कहना है कि इन सभी के सहयोग और आशीर्वाद से वह इस मुकाम तक पहुंच पायी हैं।

