सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच रोवर्स रेंजर्स शिविर का समापन
बिल्थरारोड /बलिया। देवेन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसके समापन पर रविवार को प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोटस ग्रुप जहां प्रथम रहा वहीं टाइगर व उड़न परी दितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय में पांच दिन तक चले शिविर में उन्हें रस्सी से गांठबंधन, प्राथमिक चिकित्सा, टेंट निर्माण, गृह सज्जा, आपात स्थिति में मंकी ब्रिज व लक्ष्मण ब्रिज आदि बनाने का विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। स्काउट व गाइड की मुख्य आयुक्त डा. शैलजा राय ने रोवर्स व रेंजर्स द्वारा बनाए गए टेंट आदि का निरीक्षण करने के साथ ही उनसे प्रश्न पूछकर मूल्यांकन भी किया। कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में रचनात्मक विकास के लिए रोवर्स रेंजर्स शिविर जैसे क्रिया कलापों की आवश्यकता है। उन्होंने इसके सामाजिक स्वीकार्यता एवं महत्व को रेखांकित किया। रोवर्स प्रभारी डा.वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से छात्रों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने के साथ ही पीड़ित मानवता की सेवा के लिए जागृत किया जाता है। प्रशिक्षण शिविर में रोवर्स क्रयू में 3 ग्रुप टाइगर, लायन एवं चीता व रेंजर्स के निर्भया टीम में 6 टोलियां जास्मिन, लोटस, मैरी गोल्ड, उड़न परी, गुलाब एवं मोर में कड़ी टक्कर रही।
अंत में अनुशासन, प्रस्तुतिकरण, टेंट निरीक्षण, रंगोली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के बिन्दुओं पर लोटस प्रथम, टाइगर दितीय व उड़न परी तृतीय स्थान पर रहे। इन टोलियों के ग्रुप लीडरों अनुष्का वर्मा, रवि प्रकाश व काजल मिश्रा को ट्राफी प्रदान की गयी। इस अवसर पर डा. बलदेव सिंह, डा.मिथिलेश सिंह, डा.मुकेश कुमार झा, डा.शिवाकांत मिश्र, डा.हरेराम सिंह, अभय सिंह व प्रवीण सिंह आदि उपस्थित रहे।

