संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान शुरु
मऊ। जिले सहित पूरे प्रदेश में एक साथ एईएस/जेई एवं संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारम्भ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये किया। इस आयोजन में मण्डल स्तर से मण्डलायुक्त एवं मण्डलीय अपर निदेशकों (स्वास्थ्य) के साथ ही जिलाधिकारी अमित सिंह बंशल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में मौजूद रहे। साथ में समस्त सहयोगी विभागों के जनपदीय विभागाध्यक्ष एवं हेल्थ पार्टनर्स के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल संबोधन में कहा कि वर्ष 1977 में पहली बार उत्तर प्रदेश में दिमागी बुखार का कहर देखने को मिला। वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश में 4353 मरीज मिले जिसमें 715 की मृत्यु हुई। वहीं वर्ष 2017 में 5417 मरीज मिले जिनमें 748 की मृत्यु हो गई। इस वर्ष 2020 में अभी तक 823 मरीज मिले हैं जिसमें कि 25 की मृत्यु हुई है। इसके लिए संचारी और दस्तक अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता का एक बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वय व सहयोग से पेय जल में सुधार, साफ-सफाई जागरूकता, टीकाकरण द्वारा सभी प्रकार के संचारी रोगों से बचाव व उपचार हो सकता है।
जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य 11 विभागों के सहयोग से यह अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्तूबर तक पूरे जनपद में स्वास्थ्य, स्वच्छता और जन जागरूकता के उद्देश्य से चलाया जाएगा। अभियान में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों नालियों की साफ-सफाई, लार्वीसाइड छिड़काव, फागिंग किया जाएगा। मच्छर, चूहा, छछूंदर पर नियंत्रण किया जाएगा। वहीं 1 से 15 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान में कोरोना की जांच के लिए व्यक्तियों व टीकाकरण से छूटे बच्चों का चिन्हीकरण किया जाएगा।

