रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग, लाखों का नुकसान
इलाहाबाद। रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भुक्तभोगी ने रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है ।
डभाव गांव निवासी भानु प्रताप पटेल की चाका ब्लॉक के समीप रेडीमेड कपड़े की दुकान है। रविवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात पड़ोसियों ने उनकी दुकान से धुआं निकलते देखा तो उन्हें सूचना दी। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। फायर ब्रिगेड व स्थानीय पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो चुका था। भुक्तभोगी ने पुलिस को बताया कि रंजिशन उनकी दुकान में आग लगाई गई है, जिससे उनका लगभग पांच लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। हालांकि पुलिस ने तहरीर मिलने से इनकार किया है।

