अपना जिला

मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में अब तक जिले के 11 हजार से अधिक लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ

■ चिकित्सकीय परामर्श लेने में पुरुषों की तुलना में महिलाएं ज्यादा

मऊ। कोविड-19 के प्रभाव में कमी को देखते हुये मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का पुनः आयोजन 10 जनवरी 2021 से कोविड-19 के प्रोटोकॉल के साथ प्रत्येक रविवार को किया गया । मेले में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खास ज़ोर रहा । जिले के चार शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सेहत की मुफ्त जांच और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि 36 ग्रामीण व चार शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों पर 10 जनवरी 2021 से कोविड-19 के प्रोटोकाल के साथ प्रत्येक रविवार को मेले की शुरुवात हुई है। इस आयोजन को सुबह दस बजे से अपराह्न 04.00 बजे तक किया जा रहा है । अबतक मेले में 622 मेडिकल अफसरों व 2339 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई और सभी ने अवकाश के दिन भी अपना कार्य निष्ठापूर्वक किया। इसमें दूर-दराज के इलाकों व मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब 11,858 शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को चिकित्सीय लाभ दिया गया जिसमें 6207 महिलाओं, 4281 पुरुषों एवं 1370 बच्चों शामिल हैं । 171 आयुष्मान गोल्डेन कार्ड बनाए गए । 275 मरीजों को रेफर किया गया।

नोडल अधिकारी डॉ एसपी अग्रवाल ने बताया कि जिले के कुल 40 स्वास्थ्य केंद्रों पर 31 जनवरी को ब्लाकों के नोडल एमओआईसी प्रमुख तौर से मौजूद रहे। दूर दराज के इलाकों व मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब 2724 (कुल शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के पुरुष महिला बच्चे) से अधिक लोगों को इस दिन सेहत का वरदान मिला। मेले में 1298 महिलाएं, 1081 पुरुष एवं 345 बच्चों की ओपीडी की गयी और 7 आयुष्मान गोल्डेन कार्ड बनाए गए । 33 मरीजों को रेफर किया गया।

मेले में मिलीं सुविधाएं…

· कोविड-19 टेस्ट

· बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच

· गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण

· दवा और सभी पैथालॉजी की जांच निःशुल्क

· निःशुल्क सैनेटरी नैपकीन वितरण

· नसबंदी के लिए पंजीकरण

· आंखों की निःशुल्क जांच

· क्षय रोग की जांच

· परिवार नियोजन के अस्थायी साधन का निःशुल्क वितरण

· आयुष्मान का गोल्डेन कार्ड

यह सुविधाएं भी रहीं मौजूद

· चिकित्सा व उपचार के अलावा संदर्भन की सुविधा

· गर्भावस्था, प्रसवकालीन व जन्म पंजीकरण का परामर्श

· बच्चों में डायरिया, निमोनिया रोकने के लिए परामर्श सुविधा

· मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया व कुष्ठ की स्क्रीनिंग

· बीपी, शुगर, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग

· तंबाकू और मद्यपान छोड़ने के लिए परामर्श

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *