भारतीय संस्कृति व परम्परा को कायम रखना आवश्यक: डॉ. रुचिका मिश्रा
● इनरव्हील क्लब की महिला सदस्यों ने जल संचयन व कोरोना को लेकर किया जागरुक
● चकरा गांव में बेकार पड़े कुएं को साफ करते हुए किया गया पौधरोपण
मऊ । इनरव्हील क्लब की सदस्याओं ने समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाते हुए कुछ अति आवश्यक कार्य किये। जल ही जीवन है तथा जल संचयन के पुराने तरीकों को बचाने की ज़रूरत को समझते हुए चकरा गांव में एक बेकार पड़े कुएं को साफ करवाने का कार्य किया गया। साथ ही साथ गांव के लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर जागरुक करते हुए मॉस्क का भी वितरण किया। इनरव्हील क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों में काफी उत्साह के साथ अपनी भागीदारी का निर्वहन किया। इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. रुचिका मिश्रा ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में लोग अपनी पुरानी परम्पराओं को भूलते जा रहे हैं, इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि लोगों को भारतीय संस्कृत व परम्परा के प्रति जागरुक किया जाए। कार्यक्रम के दौरान यह प्रयास किया गया कि कुएं का पानी ग्रामवासियों के पीने लायक बनाया जा सके। कुएं के बगल में आंवले का पेड़ भी लगाया गया। अध्यक्ष डा.रुचिका मिश्रा ने ग्रामवासियों से जल संचयन की उपयोगिता के साथ ही कोरोना से बचाव के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान किया। इनरव्हील क्लब की महिला सदस्यों ने गांव के 100 से अधिक बच्चों को मास्क का भी वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान जागरूक ग्रामवासियों का सहयोग अति सराहनीय रहा। इस अवसर पर मुख्य रुप से इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष डा.रुचिका मिश्रा, सचिव पूनम गुप्ता, डा.कुसुम वर्मा, नूपुर अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।


