अपना जिला

बुनकरों का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री योगी से मिलेगा

मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार बुनकरों की सब्सिडी को डी0बी0टी0 के माध्यम से बुनकरों के खाते में भेजने की योजना बना रही है। इस संशोधन की सूचना से बुनकर चिंतित है। इसी मुद्दे को लेकर आज खीरीबाग सहन में बुनकरों की एक जनसभा आयोजित हुई।

जनसभा को बुनकर नेता पूर्व चेयरमैन अरशद जमाल, सपा नेता अल्ताफ अंसारी, मास्टर इज़हार अहमद, एखलाक अहमद और मुख्तार हुसैन ने सम्बोधित किया। जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित मांग पत्र पढ़कर पारित कराया गया जो कल जिलाधिकारी के माध्यम से उनको भेजा जाएगा। जनसभा में अरशद जमाल को सुनने के लिये बड़ी संख्या में बुनकरों ने आकर मैदान को भर दिया था।

उत्तर प्रदेश बुनकर फोरम के प्रदेश अध्यक्ष अरशद जमाल ने अपने सम्बोधन में पासबुक बनने से लेकर अबतक के घटनाक्रम पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ये कोई राजनैतिक मंच नही है, आज तो हम अपनी पीड़ा को समझने और समझाने के लिये आए है कि एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। अगर सरकार ने बुनकरों की सिब्सिडी को डी0बी0टी0 के माध्यम से बुनकरों के खाते में भेजने का आदेश जारी कर दिया तो बुनकरों के सामने एक बड़ा संकट खड़ा हो जायेगा। उन्होंने बताया कि जो सिब्सिडी कि धनराशि 30 करोड़ थी, विद्युत विभाग ने फर्जी बिल बनाकर सरकार से बुनकरों के नाम से सैकड़ों करोड़ वसूलना आरम्भ कर दिया जिसके कारण सरकार के कान खड़े हो गए हैं।

श्री जमाल ने बुनकरों को बताया कि हथकरघा विभाग बुनकरों का सर्वे करके सरकार को रिपोर्ट भेजेगा इसलिये आप लोग कर्मचारियों का सहयोग कीजिये और उनको बुनकर पासबुक की फोटो कॉपी उपलब्ध करा दें।

श्री जमाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि वो एक रहम दिल इंसान होने के साथ बुनकरों की नगरी में उनके पड़ोसी हैं इसलिये उनसे उम्मीद है कि वो हम पर दया करेंगे। उन्होंने ये भी बताया कि बुनकरों एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री जी से मिलेगा, उनसे समय मांगा गया है।

श्री जमाल ने ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ में मऊ को टेक्सटाइल्स प्रोडक्ट्स के लिये चयन किया जाने पर आभार व्यक्त किया और सरकार से मांग किया कि गरीब बुनकरों की दयनीय स्थिति में सुधार के लिये योजना बनाई जाए।

उन्होंने बुनकरों को आश्वस्त किया कि आपके वोटो से जीतने वाले जनप्रतिनिधि आपका साथ दें या न दें मगर हम लोग आपके हर दुख सुख में कंधे से कंधा मिलाकर साथ मिलेंगे।

समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी अल्ताफ अंसारी ने कहा कि जब भी मुसीबत का समय आएगा समाजवादी पार्टी आपके साथ खड़ी मिलेगी। उन्होंने यहां के विधायक के प्रतिनिधि पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि लोग समय पर आते है आपका कीमती वोट लेकर चले जाते है मगर जब उनकी आवश्यकता होती है तो उनके पास समय नही होता। जनसभा कार्यक्रम की अध्यक्षता हाजी फैय्याज व संचालन मुख्तार हुसैन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *