Uncategorized

नवाबगंज नेशनल हाईवे पर अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या

इलाहाबाद। नवाबगंज नेशनल हाईवे पर एक अधिवक्ता को सोमवार सुबह गोली मार दी गई। वह बाइक से सोरांव तहसील जा रहे थे। बाइकसवार बदमाशों ने नीम तिवारी का पूरा कौडिहार गांव के सामने उनकी पीठ में दे गोलियां मारीं और फरार हो गए। स्थानीय लोगों की जानकारी पर परिजन भी पहुंचे और घायल अधिवक्ता को फाफामऊ स्थित अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कौडिहार कुरेसर रोड निवासी एडवोकेट लालबचन सोनी सोरांव तहसील में वकालत करते हैं। सोमवार को सुबह दस बजे वह बाइक से नेशनल हाईवे से सोरांव जा रहे थे। नीम तिवारी का पूरा गांव के पास पहुंचे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। जानकारी पर पहुंचे परिजन व अन्य लोग उन्हें फाफामऊ स्थित अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन ले जाया गया।

वकील को गोली मारने की जानकारी पर एसआरएन में अधिवक्ताओं की भीड़ लगी रही। अधिवक्ताओं ने मुआवजे की मांग करने के साथ बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर आईजी रमित शर्मा भी अन्य अधिकारियों संग एसआरएन पहुंच गए हैं। वहीं घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने जिला कचहरी के सामने भी जाम लगाने के साथ नारेबाजी शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *