प्राथमिक विद्यालय रस्तीपुर में धूमधाम से मना संत रविदास की जयंती
मऊ । जिले के प्राथमिक विद्यालय रस्तीपुर में संत रविदास जयंती का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया गया। जयंती कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती सावित्री जी ने कहा कि रविदास जी की जयंती समस्त भारतवर्ष में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती है। बताया कि रविदास जी का जन्म वाराणसी में हुआ था। ये एक समाज के गुरू न होकर पूरी मानवता के गुरू थे। उन्होंने कहा कि संत समस्त मानवता के प्रेरणा स्त्रोत थे। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों एवं छुआछूत को समाप्त किया था। इस दिन झांकियां एवं शोभायात्रा निकाली जाती हैं। समाज के लोग आज के दिन सच्चाई के मार्ग पर चलने का प्रण लेते हैं। श्रीमती सावित्री ने ने बच्चों को बताया कि भारत के कई संतों ने समाज में भाईचारा बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे संतों में संत रविदास का नाम सबसे आगे है। इनकी गणना भारत में ही नहीं विश्व के महान संतों में की जाती है। इन्हें संत शिरोमणि गुरू रविदास की उपाधि प्रदान की गई थी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

