निर्माणाधीन कार्य लक्षित समय के अन्दर ही हों पूर्ण, नगर को जल-जमाव की समस्या से उबारने हेतु प्रयासरत् : तय्यब पालकी
मऊ। नगर पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने वार्ड नं0 7 मुहल्ला भीटी स्थित हरिद्वार कालोनी में मनोज कुमार से अरूण कुमार राय व अरविन्द श्रीवास्तव के मकान तक लगभग 12.46 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले नाली, पटिया, मिट्टी भराई व खडंजा कार्य का लोकार्पण वृहस्पतिवार को किया गया। मौके पर मौजूद वार्ड सभासद प्रतिनिधि राजू सैनी ने श्री पालकी की कार्यशैली की सराहना करते हुये कहा कि जिस प्रकार इनके द्वारा नगर का चहुमुखी विकास एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा है इससे ऐसा प्रतीत होता है कि बोर्ड इनके नेतृत्व में नगर के विकास के प्रति नया कीर्तिमान बनाने के मार्ग पर अग्रसर है।
पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि हम पूरे नगर को समस्याओं से मुक्त करने के प्रयास में लगे हुये हैं। उन्होंने बताया कि इस क्रम में नगर को जल-जमाव की समस्या से उबारने के लिये हमारा विशेष प्रयास भी जारी है। गत दिनों हमने हैदर नगर एवं कम्हरिया क्षेत्रों को जल-जमाव से मुक्ति दिलाने के लिये जल-निकासी की ठोस व्यवस्था करने के उद्देश्य से रेलवे क्रासिंग के नीचे से नाला बनाने हेतु रेलवे गोरखपुर मण्डल के जी.एम. को पत्र लिख कर उनसे एन.ओ.सी. की मांग भी की है। श्री पालकी ने बताया कि हम जल्द ही शहर के मार्गाें पर आवागमन में आने वाली बाधाओं से मुक्ति दिलाने हेतु बहुत ही बेहतर व्यवस्था देने के लिये तत्पर हैं। उन्होंने प्रबल आशा व्यक्त करते हुये बताया कि हमारे प्रयासों से नगर को जल्द ही आवागमन की परेशानी और जल-जमाव की समस्या से मुक्ति मिलने की उम्मीद है। कहा कि मैंने विकास सम्बन्धी निर्माण कार्याें में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया है। इसी के साथ मैं निर्माण कार्याें के सम्पादन के सम्बन्ध में त्वरित नतीजे का पक्षधर भी हूँ। इसी लिये सभी ठेकेदारों को नगर के विकास में कोई शिथिलता न बरतने एवं कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप बनाये रखने का भी सख्त निर्देश दिया है और उनसे कहा है कि वह निर्माणाधीन कार्याें को लक्षित समय के अन्दर ही पूर्ण करा लें।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सभासदगण माधुरी सैनी, मुनव्वर अब्दुल गफूर, अजय कुमार, नसीम अख्तर, मु0 इस्माईल व राजन शर्मा, मोनू चौरसिया, शमशेर सिंह, संतोष यादव छात्र नेता, शिवम सैनी, चन्द्रभान साहनी, अनिल निशाद आदि क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

