थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद को मुख्य CMO से मिला प्रतिनिधिमंडल दल
■ तत्काल प्रभाव से थैलेसीमिया नोडल अधिकारी की नियुक्ति के साथ ही कम्पोजिट रक्त बैंक व पर्याप्त दवा की मांग
मऊ। असाध्य थैलेसीमिया रोग से पीड़ित बच्चों की मदद के लिए जिला अस्पताल में कम्पोजिट रक्त बैंक स्थापना व उचित प्रबंधन के लिए सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीश चंद्र सिंह से मऊ थैलेसीमिया वेलफेयर एसोसिएशन प्रतिनिधिमंडल दल मिला।
प्रतिनिधिमंडल दल में सचिव रवि ख़ुशवानी ने थैलेसीमिया रोग से पीड़ित बच्चों व उनके अभिभावकों की प्रमुख समस्या पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पूर्व में एसजीपीजीआई लखनऊ से निशुल्क रक्त व दवा की व्यवस्था हो जाती थी। लेकिन लॉकडाउन लगने के बाद से पीजीआई से यह सेवा मिलनी बंद हो गई। जनपद के लगभग 40 से अधिक पीड़ित परिवारों द्वारा अपनी व्यवस्था से रक्त व दवा की उपलब्धता कराना काफी दुरु साबित हो रहा है। जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीश चंद्र सिंह ने गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए तत्काल प्रभाव से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए नोडल चिकित्सक की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस रोग से जूझने के लिए लड़ने वाली दवाइयों की व्यवस्था के साथ ही स्वास्थ्य विभाग से जिला अस्पताल मऊ में कम्पोजिट रक्त बैंक स्थापना की मांग की जाएगी। डॉ सिंह ने रोग की भयावहता को समझते हुए कहाकि इस रोग में सबसे बड़ी समस्या पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्धता की होती है। ऐसे में जन जागरण अभियान के तहत रक्त की उपलब्धता भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस लड़ाई में स्वास्थ्य विभाग मऊ सदैव उनके साथ रहेगा।
प्रतिनिधि मंडल दल में अजहर कमाल फैजी, डॉ रामगोपाल गुप्ता, श्रीराम जायसवाल, ख़ालिद मुस्तफ़ा इत्यादि मौजूद रहे।


