गरीबों के हक़ व इंसाफ के लिये सदैव संघर्ष करते रहे कामरेड जुल्फेकार
घोसी। नगर के मधुबन मोड़ स्थित भाकपा कार्यालय के निकट शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ट नेता रहे कामरेड जुल्फेकार अहमद की 20वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्यअतिथि एवं पूर्व विधायक इम्तियाज अहमद ने कहाकि कामरेड जुल्फेकार अहमद जीवनपर्यन्त गरीबों, मजदूरों, किसानों, बुनकरों, छात्रों, नौजवानों एवं समाज के मेहनतकश अवाम के हक़ व अधिकार के लिए संघर्ष करते रहे। हिन्दू-मुस्लिम एकता के पर्याय रहे ज़ुकफेकार अहमद सामाजिक गैर बराबरी को दूर कर सबको समान अधिकार दिलाने के पक्षधर रहे हैं। वर्तमान समय मे जब धार्मिक उन्माद फैलाकर समाज में तेजी के साथ वैमनस्यता फैलाने का काम किया जा रहा है। बैंक, बीमा, रेलवे तथा हवाईअड्डा सहित देश के समस्त सार्वजनिक संस्थानों को चंद पूंजीपतियों के हाथों में सौंपा जा रहा है। सरकारी कालेज और विश्वविद्यालयों को बर्बाद कर समाज के कमजोर तबकों व आर्थिक, सामाजिक रूप से पिछड़े छात्र छत्राओ के पढ़ने लिखने के रास्ते बंद किये जा रहे हैं। खेती किसानी को तबाह किया जा रहा है। अपने हक़ के लिए चार महीने से आंदोलनरत किसानों को देशद्रोही कहकर अपमानित करने के साथ ही उनके उपर तरह तरह के फर्जी मुकदमें लादकर बदनाम किया जा रहा है। ऐसे में कामरेड ज़ुकफेकार जैसे जुझारू तेवर के कतार के नेताओं व कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। गांव गांव और कस्बो में लोगो को संगठित कर विशेष रूप से नौजवानों को संगठित व जागरूक कर चरणबद्ध आंदोलन की महती आवश्यकता है। उन्होंने सरकार विरोधी सभी दलों व संगठनों को एकजुट होकर सरकारी धौंस व डराने धमकाने की नीतियों को नकार कर आगे आने तथा जनसंघर्षों को तेज करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयहिंद यादव, घोसी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल मन्नान खान, किसान नेता रामनारायण सिंह, बद्री तिवारी, सपा नेता लालचंद यादव, रणधीर सिंह, शोएब निजामी, बसपा नेता रबिन्द्र गुप्ता, भजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह, भकपा नेता रामसोच यादव, विनोद राय,शन्नू आज़मी, अनीस अहमद, सुधाकर यादव, रामकुंवर सिंह, पीएन सिंह एडवोकेट, कोपागंज के पूर्व नायब चेयरमैन अम्बर हुसैन, वरिष्ठ समाजसेवी राजेश जायसवाल, शिक्षक नेता फखरे आलम, मनोज सिंह आदि ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के आयोजक एवं भाकपा के जिला सह सचिव शेख हिसामुद्दीन ने आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्षता शिक्षक बृजमोहन पांडेय तथा संचालन सुदर्शन कुमार ने किया।


