कोविड-19 जन पहल : वीडियो बनाओ-इनाम पाओ
■ हिंदी में एक मिनट वीडियो चैलेंज प्रतियोगिता में 100
सर्वोच्च प्रविष्टियों को मिलेंगे 10,000 के नकद इनाम
■ सुझाव/मॉडल प्रतियोगिता के 10 सबसे मौलिक व अनूठे सुझाव या माडल को मिलेंगे 10,000 के पुरस्कार
मऊ। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नवाचार लाने के लिए युवाओं के पसंद की एक पहल की है, जिसको नाम दिया है-कोविड-19 जन पहल । इसके तहत एक मिनट वीडियो चैलेन्ज (हिंदी) और सुझाव/माडल (हिंदी या अंग्रेजी) प्रतियोगिता शुरू की गई है ।
प्रतियोगता के तहत आठ जुलाई 2020 तक प्रविष्टियां मांगी गई हैं और 15 जुलाई को विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे ।
सर्वोच्च प्रविष्टियां भेजने वालों को 10,000 का नकद इनाम भी दिया जाएगा । प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों से इस प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है ।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत कोविड-19 के विषय पर एक मिनट का वीडियो हिंदी में बनाकर भेजना है।
यह वीडियो कोविड-19 की रोकथाम, घर व बाहर अपनाए जाने वाले सुरक्षा व्यवहार, मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को ठीक रखने के उपाय, स्टिग्मा एवं भेदभाव को दूर करने, बीमारी से ठीक होने की कहानी आदि पर आधारित किसी भी विषय पर हो सकते हैं ।
प्रविष्टियां अपने नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर के साथ भेजनी हैं । इसके तहत सर्वोच्च 100 प्रविष्टियों को 10,000 का नकद इनाम दिया जाएगा । सर्वोच्च प्रविष्टियों का चयन विषयवस्तु, प्रस्तुति, मनोरंजन, वीडियो की तकनीकी गुणवत्ता के आधार पर किया जाएगा।
इसके अलावा जनहित में प्रयोग किये जाने के लिए अपनी (अभिभावक दें अगर प्रतिभागी अवयस्क है ) एवं वीडियो में शामिल अन्य लोगों की सहमति प्रदान करनी जरूरी होगी ।
सुझाव/माडल प्रतियोगिता…
इस प्रतियोगिता के तहत कोरोना वायरस की चेन (श्रृंखला) को तोड़ने संबंधी सुझाव व माडल को शामिल किया गया है । यह सुझाव या माडल हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में हो सकते हैं । इसमें ध्यान यह रखना है कि यह सुझाव 150 शब्दों से अधिक न हों और पूरी तरह से मौलिक होने चाहिए । प्रतियोगिता के 10 सबसे मौलिक और अनूठे सुझाव या माडल को 10,000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा ।
कहां पर और कब तक भेजनी है प्रविष्टि…
इस नई पहल के तहत दोनों प्रतियोगिताओं में भागीदारी को पूरी तरह मुफ्त रखने के साथ ही सभी के लिए खुला रखा गया है ।
प्रविष्टियां ई-मेल द्वारा – [email protected] अथवा व्हाट्सएप नंबर – 8005192995 पर भेजनी हैं । प्रविष्टियां अधिकतम आठ जुलाई तक भेजी जा सकतीं हैं । 15 जुलाई 2020 को विजेताओं के नाम की घोषणा की जाएगी ।

