किसको दिल दिया जाए, सोचना जरूरी है…..
देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल फेसबुक पेज पर रविवार, दिनांक 04/10/2020 को गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम के लिए मऊ जिले के निवासी गायक कलाकार विनोद प्रताप सिंह को आमंत्रित किया गया था । प्रयाग संगीत समिति से संगीत प्रभाकर एवं संगीत शिक्षक विनोद प्रताप सिंह ने अपने भजनों, गीतों व ग़ज़लों से लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में पेज के एडमिन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, प्रयागराज में राजभाषा अधिकारी तथा हिंदी व भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कवि व मंच संचालक देवकान्त पाण्डेय ने आमंत्रित कलाकार का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया । विनोद प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत ‘राम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ वंदना से की इसके बाद ‘हमरी अटरिया पे आ जा रे साँवरिया देखा देखी तनिक होइ जाए’ जैसे गीत और ‘किसको दिल दिया जाए, सोचना जरूरी है’ व ‘जिंदगी है बहुत खूबसूरत अभी ये इनको पता नहीं है’ आदि ग़ज़ल तथा ‘तू माने या न माने मेरे यारा’ आदि गीत-गाने गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दर्शकों ने अपने कमेन्ट के माध्यम से उनके गायन की बहुत सराहना की । साथ ही उन्होंने देवकली देवलास का इतिहास बताते हुए इस पवित्र स्थल को प्रसिद्ध बनाने के लिए देवकान्त पाण्डेय द्वारा किये जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस स्थल पर पर्यटकों का आवागमन प्रारम्भ होने से यहाँ रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा विकास के नए द्वार खुलेंगे । इसलिए यहाँ पर पर्यटन के लिए आवश्यक सुविधाओं का होना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल नामक यह फेसबुक पेज इस पवित्र स्थल को प्रसिद्ध करने और इसे बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कला, शिक्षा, रोजगार, कृषि आदि के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने की दृष्टि से एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को इस मंच पर लाकर उन्हें आगे बढ़ाने में उनका मार्गदर्शन व सहयोग करने के उद्देश्य से बनाया गया है ।

