Uncategorized

कार ट्रक में घुसी तीन की मौत, एक घायल, सभी वाराणसी से अंतिम संस्कार कर लौट रहे थे

मोहम्मदाबाद गोहना/ मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना- चिरैयाकोट मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम नगपुर नवादा के समीप शनिवार की रात्रि में बनारस से दाह संस्कार कर चार पहिया वाहन से वापस आ रहे मोहम्मदाबाद गोहना कस्बे के युवक का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा, जिसमें से तीन की मौके पर मौत हो गई एवं एक की हालत नाजुक बनी हुई है। रानीपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। तीनों मृतक के परिवार के परिजनों में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला गोलवारटोला निवासी दुर्गावती देवी पत्नी स्वर्गीय डीएन लाल श्रीवास्तव की शनिवार को मौत हो गई थी, जिसके दाह संस्कार के लिए उनके परिजन एवं मोहल्ले के तथा नगर के कुछ युवक भी मणिकर्णिका घाट बनारस गए हुए थे।दाह संस्कार करने के पश्चात यह सभी लोग अपने-अपने वाहनों से देर रात्रि वापस आ रहे थे कि शनिवार की रात में इनकी गाड़ी चिरैयाकोट से चलने के पश्चात करहां के समीप नगपुर नवादा गांव के पास सड़क के किनारे अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी, जिसमें से 29 वर्षीय सचिन पुत्र जयप्रकाश निवासी कायस्थ टोला, 30 वर्षीय रवि राय निवासी सैदपुर एवं 32 वर्षीय राजीव विश्वकर्मा पुत्र जिउत्त निवासी चौक की मौके पर मौत हो गई, तथा पंकज श्रीवास्तव की हालत नाजुक हो गई। रानीपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पंकज श्रीवास्तव का इलाज सदर मुख्यालय में चल रहा है।इनके परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।इसकी जानकारी पर नगर के सभी व्यवसायी मृतक लोगों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *