कक्षा एक के छात्र-छात्रा ने फीता काटकर किया स्मार्ट क्लास का लोकार्पण
घोसी। शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय मानिकपुर जमीन हाजीपुर के नवनिर्मित दो स्मार्ट क्लास का सोमवार को विद्यालय के कक्षा एक के छात्र व छात्रा ने फीता काटकर लोकार्पण किया। पहली मार्च को विद्यालय खुलते ही मुख्य द्वार सहित पूरे विद्यालय को फूल माला व गुब्बारों से सजाकर पहले ही दिन बच्चों के हाथों स्मार्ट क्लास का लोकार्पण कराये जाने पर पूरे क्षेत्र में विद्यालय की शिक्षिका रागिनी यादव की जमकर सराहना की जा रही है।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुये शिक्षक प्रतिनिधि भूपेंद्र दीक्षित ने कहाकि ग्रामीण अंचल के इस विद्यालय के चार चार कक्षाओं को स्मार्ट बनाकर विद्यालय की कर्मठ व तेज तर्रार शिक्षिका रागिनी यादव ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। विद्यालय के प्रति इनके व विद्यालय परिवार के समर्पण भावना की जितनी भी तारीफ की जाये कम है। उन्होंने कहाकि विद्यालय के बच्चों को सम्मान देना और कक्षा एक के नौनिहाल छात्र और छात्रा से विद्यालय के स्मार्ट क्लास का लोकार्पण कराया जाना बच्चों के प्रति इनकी सकारात्मक सोच को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति विद्यालय की शिक्षिकाओं की मेहनत व लगन को प्रदर्शित कर रहा है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीरा राय ने स्मार्ट क्लास का उद्घटान करने वाले विद्यार्थियों सहित सभी छात्र छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की आयोजक एवं विद्यालय की शिक्षिका रागिनी यादव ने उपस्थित अभिभावकों को बताया कि अभी तक विद्यालय के चार क्लास स्मार्ट बनाये गये हैं। अगले साल तक कक्षा एक से आठ तक के सभी क्लासों को स्मार्ट बना दिया जायेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपने अपने बच्चों को समय सारिणी के अनुसार पूरी तरह तैयार कर विद्यालय भेजने और घर पर बेहतर ढंग से देख रेख करते रहने की अपील की।
इस अवसर पर सीमा राय, जनार्दन यादव,आराधना सिंह, सोनू, कविता पांडेय सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी मौजूद रहे।


