अपना जिला

अविरल गंगा संकल्प यात्रा का घोसी में स्वागत

घोसी/मऊ। गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए जल पुरूष के नाम से प्रसिद्ध व मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में गोमुख से निकाली गयी।अविरल गंगा संकल्प यात्रा शनिवार को घोसी पहुँची। यात्रा के मझवारा मोड़ पहुँचने पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत सभा आयोजित की गई, यात्रा जनजागरण फैलाते हुए गंगा सागर तक जायेगी।
सभा को सम्बोधित करते हुए शाह आलम उल्फत ने कहा कि गंगा राष्ट्रीय धरोहर है। पर्यावरण विज्ञान के प्राध्यापक व आईआईटी कानपुर पर्यावरण विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. जी. डी.अग्रवाल (स्वामी ज्ञान स्वरूप सानंद) ने गंगा की शुद्धता व अविरलता के लिए 22 जून से अनशन शुरू किया,111 दिन के अनशन के लम्बे अंतराल के बाद अन्ततः उनका निधन हो गया। इस तरह उन्होंने गंगा की अविरलता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिया, बावजूद इसके इस दिशा में केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया।
सभा को संबोधित करते हुए लोकतंत्र सेनानी श्री राम धीरज ने बताया कि गंगा के जल में 17 ऐसे तत्व हैं जो शरीर के लिए बेहद लाभकारी हैं।गंगा का प्रवाह रोककर इन लाभकारी तत्वोँ को नष्ट किया जा रहा है।लोगों के स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ रहा है तटवर्ती लोगों को तरह-तरह की प्राण घातक बीमारियों ने जकड़ लिया है।इन बीमारियों से बचने के लिए गंगा का अविरल होना जरूरी है। सभा को सम्बोधित करते हुए मनोज सिंह प्रवक्ता ने लोगों से आह्वान किया कि गंगा को बचाने के लिए जन-जन को आंदोलन करना पड़ेगा।यह हमारी लड़ाई नहीं है, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य की लड़ाई है।
संकल्प यात्रा में चल रहे ओम प्रकाश ‘अरुण’ एवम अरविंद मूर्ति का स्वागत आम आदमी पार्टी के जिला सचिव अविनाश व उम्मीद फाउंडेशन के चंदू भाई, इफ्तिखार अहमद, पी. एन. सिंह, सम्पत मौर्य, सिराजुद्दीन, सरोज चौरसिया कांग्रेस के पीसीसी मेम्बर इंतखाब आलम, जनवादी किसान सभा के राजेश मंडेला,जिला पंचायत सदस्य अवधेश बागी जी आदि ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *