विजया बैंक, देना बैंक व बीओबी के आपस में विलय पर बैंक कर्मियों का विरोध प्रदर्शन
मऊ। केन्द्र सरकार द्वारा हाल ही में बैंक आफ बड़ौदा, विजया बैंक तथा देना बैंक के आपस में विलय किये जाने के निर्णय के खिलाफ देश के बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों के शीर्षस्थ अखिल भारतीय संगठनों के राष्ट्रीय मंच ’’यूनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स’’ के राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध ( आन्दोलनात्मक कार्यक्रमों के आह्वान पर भारतीय स्टेट बैंक, मऊ स्थित क्लियरिंग हाऊस के समक्ष, लंच अवकाश के समय बैंक ऑफ बड़ौदा की कटरा शाखा के समक्ष बैंक कर्मियों ने सामूहिक प्रदर्शन कर विलय की प्रक्रिया को अनुचित तथा जान-बूझ कर बैंक जमा धनको कर्जों के रूप में हड़पने वाले औद्योगिक घरानों को बचाने का आरोप लगाते हुए विलय का शातिराना फैसला वापस लेकर लाखों करोड़ों के डूबन्त कर्जों की रिकवरी सुनिश्चित किये जाने के ठोस एवं कड़े कदम उठाये जाने की सरकार से मांग की। भारतीय स्टेटबैंक, मऊ स्थित क्लियरिंग हाऊस के समक्ष प्रदर्शन कारियों का नेतृत्व करते हुए उ0प्र0 बैंक इम्प्लाइज यूनियन, मऊ के उप जिला मंत्री कामरेड बालाजी मोदी ने कहाकि ऐसे दौर में जब बैंकों के डूबन्त कर्जों का मामला देश की अर्थ व्यवस्था के वित्तीय रीढ़ को पैरालाइज करने की हद तक खड़ा है। बैंकों के विलय की नीति, भ्रामक एवंजनता की आंख में धूल झोंकने वाली है। बैंक आफ बड़ौदा की कटरा शाखा के समक्ष सामूहिक प्रदर्शन सभा को सम्बोधित करते हुए यूनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स, मऊ के संयोजक कामरेड रामअवतार सिंह ने कहा कि वित्तीय समाधान एवं जमा बीमा विधेयक के साथ बैंक आफ बड़ौदा, विजया बैंक तथा देना बैंक के विलय की मंशा स्पष्ट रूप से साबित करती है कि सरकार पूंजीपतियों से डूबन्त लाखों करोड़ों रूपये की वसूली करने के बजाय बैंकों समेत पूरे वित्तीय क्षेत्र का निजीकरण करना चाहती है तथा उन्हीं बैंक धन की लूट करने वालों को जनता के भारी जमा धन का मालिकाना सौंपना चाहती है। प्रदर्शन कारियों को सम्बोधित करते हुए पी0 एन0 बी0 एस0 ए0, मऊ के जिला मंत्री का0 विक्रम राम ने बैंको के विलय को एक धोखा एवं सरकार की साजिश बताया। आक्रोशित बैंक कर्मियों एवं ओ0 बी0 सी0 के रविकान्त, बी0 ओ0 बी0 एस0 ए0 के जिला मंत्री बालाजी मोदी, अंकुर श्रीवास्तव, धीरज कुमार, अरूण कुमार, अविनाश प्रसाद सिंह, सुमित आदि ने बैंकों के विलय को धोखा करार देते हुए हाल ही में की गयी बैंक आफ बड़ौदा, विजया बैंक तथा देना बैंक के विलय का फैसला वापस लिये जाने की मांग की।

