खेल-खिलाड़ी

रॉयल चैलेंजर वेदांत ने जीता वेदांत प्रीमियर लीग का खिताब, फाइनल में नाइट राइडर्स को 53 रन से हराया

मऊ। नगर के सहादतपुरा स्थित ग्राउंड पर आयोजित वेदांत प्रीमियर लीग के सुपर संडे फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर वेदांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेदांत नाइट राइडर्स को 53 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

फाइनल मुकाबले में नाइट राइडर्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर वेदांत की शुरुआत भले ही साधारण रही, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से देव सिंह ने 99 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि आर्यन प्रजापति ने 72 और यश रघुवंशी ने 22 रन का योगदान दिया।

नाइट राइडर्स की ओर से हर्षित, उत्सव, राज, नील और प्रवीण ने एक-एक विकेट हासिल किया।

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत नाइट राइडर्स की टीम फाइनल के दबाव में बिखर गई और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन ही बना सकी। टीम की ओर से उत्सव चौहान ने 45, राजवीर सिंह ने 38 तथा नदीम ने 13 रन बनाए।

रॉयल चैलेंजर वेदांत की गेंदबाजी में यश रघुवंशी ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रांजल, अन्नू, आदित्य और देव ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए देव सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं आर्यन प्रजापति को बेस्ट बैट्समैन, यश रघुवंशी को बेस्ट बॉलर, अश्वनी मौर्य को बेस्ट फील्डर तथा आयुष सिंह को बेस्ट पुअर परफॉर्मेंस ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

फाइनल मुकाबले के दौरान गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल के डॉ. अभिषेक गुप्ता, रोटरी क्लब के जोनल सेक्रेटरी प्रदीप सिंह, आनंद कुमार, अंकुर रातवानी, सत्यप्रकाश यादव, सुंदरम दुबे, पूजा दुबे, उमा शंकर द्विवेदी, गायत्री दुबे एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायरिंग जियाउर्रहमान और आर्यन चौरसिया ने की, जबकि स्कोरिंग फरहान तथा कमेंट्री विकास राय, अजय राज और पवन यादव ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *