‘ राज्यपाल करेंगे डॉ. रामकमल राय व राजकुमारी राय की प्रतिमा का अनावरण’
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री उत्पल राय ने रविवार को एक पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि 1 जून को मझवारा स्थित राजकुमारी शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रांगण में उनके पिता स्व. डॉ. रामकमल राय व उनकी माता स्व. श्रीमती राजकुमारी राय जी के प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, भारत सरकार के केन्द्रीय राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, प्रदेश की महिला कल्याण परिवार कल्याण मंत्री श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, वन मंत्री दारा सिंह चौहान, प्रदेश के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, प्रदेश के जल सम्पूर्ति, भूमि विकास एवं जल संसाधन मंत्री उपेन्द्र तिवारी, ग्राम्य विकास मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह, घोसी लोकसभा के सांसद हरिनारायन राजभर, घोसी के विधायक फागू चौहान का आगमन होगा। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। श्री राय ने अपने पिता स्व. डॉ. रामकमल राय के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके पिता जय प्रकाश नारायण, राम मनोहर लोहिया एवं आचार्य नरेन्द्र देव से काफी प्रभावित थे। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्व. डॉ. रामकमल राय समाजवादी आंदोलनों में अपनी प्रखर भूमिका निभाते हुए कई बार जेल भी जा चुके थे।