पीएम मोदी का लक्ष्य राजनीति नही बल्कि भारत माता की सेवा है : राधा मोहन अग्रवाल

मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश और देश के सबसे महत्वपूर्ण व मुख्य पदों पर रहते हुए 20 वर्ष बेदाग और स्वच्छ कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष में एस आर प्लाजा भुजौटी में रविवार को एक विशाल व्याख्यान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तथा वक्ता डा. राधामोहन दास अग्रवाल सांसद राज्य सभा तथा विशिष्ठ अतिथि डा. सर्वेश पाण्डेय व डा. गंगा सागर सिंह रहे।
मुख्य अतिथि डा राधामोहन दास ने अपने उद्बोधन में कहा कि मोदी ने समर्पण और ईमानदारी के साथ सरकार चलाकर देश और दुनिया के सामने एक अनुपम उदाहरण पेश किया है। मोदी जी का लक्ष्य राजनीति नही बल्कि भारत माता की सेवा है। वोट बैंक की परवाह किए बगैर मोदी जी ने देश की राजनीति को मोड़ कर अलग दिशा दे दी है। विपक्षी नेताओं ने राजनीति को पेशा बना दिया था वहीं मोदी जी ने राजनीति को सेवा बना दिया है। जिस भी नेता में सेवाभाव नहीं रहता वह जनहित के लिए निर्णय नही ले सकता है, मोदी जी ने पिछले आठ वर्षों में सेवा के द्वारा जनतंत्र का विश्वास जीता है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था की दिल्ली से एक रुपया तो चलता है लेकिन लाभार्थी तक पहुंचते पहुंचते मात्र पंद्रह पैसा बचता है, अब ऐसा नहीं है अब गरीब के खाते में पूरे का पूरा पैसा पहुंचता है वो भी अपने निर्धारित समय पर। मोदी जी की सरकार ने 40 करोड़ से अधिक शून्य बैलेंस पर खाते खुलवाए जिसका लाभ सीधे आमजन को हुआ। करोड़ों परिवार को प्रधानमंत्री आवास के माध्यम से छत उपलब्ध करवाया गया। हर घर एलिडी बल्ब पहुंच गया, हजारों मजरों में बिजली पहुंचकर निःशुल्क बिजली का कनेक्शन दिया गया है, आमजन की मजबूरी को समझते हुए हर घर शौचालय उपलब्ध करवाया गया हर घर पानी पहुंचाया जा रहा है। कोरोना महामारी के समय देश के प्रत्येक पात्र निवासी को निःशुल्क वैक्सीन के टीके लगाए गए,साथ ही दुनिया के अन्य देशों में भी वैक्सीन उपलब्ध करवाई गई,पात्र लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है, महिलाओं कों ध्यान में रखकर निःशुल्क गैस चूल्हा व कनेक्सन दिए गए, आम नागरिकों के स्वास्थ्य को धन में रखते हुए आयुष्मान भारत का लाभ दिया गया ऐसा करने वाला भारत दुनिया का एकमात्र देश है क्योंकि यहां पर मोदी जी जैसा उत्कृष्ट प्रधानमंत्री है।
डा. सर्वेश पाण्डेय ने कहा कि मोदी जी ने देश की राजनीति में विकास का माडल प्रस्तुत किया है। आजादी के बाद से देश के उत्थान के लिए एक अलग ही माहौल बन गया है। मोदी सरकार से आम जन अपने को जुड़ा हुआ अनुभव करता है। रचनात्मक कार्यों के द्वारा मोदी जी ने राजनीति की दिशा और दशा ही बदल दी है। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के बारे में चिन्ता करना और उसके उत्थान के लिए हर संभव मदद करना ही मोदी जी को विशेष बनाता है।
डा. गंगासागर सिंह ने मोदी सरकार के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा की मोदी जी के कार्यकाल में देश में विकास का माहौल बना है, वोटो की राजनीति करने वाले धराशाई हुए है, देश का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा की मऊ के हर वर्ग के बुद्धिजीवी वर्ग का समर्थन यह बताता है की मोदी जी और उनकी कार्यशैली सबके दिलोदिमाग में बैठी हुई है इसके प्रति में सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
इस अवसर पर डा एच एन सिंह, मनोज राय, विजय राजभर, बजरंगी सिंह, संगीता द्विवेदी, आनंद प्रताप सिंह, रामाश्रय मौर्य, गनेश सिंह, संजय पाण्डेय, अशोक सिंह, राकेश मिश्रा, अनील श्रीवास्तव, कृष्ण कांत राय, गिरीश राय, सुनील यादव, अंजनी सिंह, राकेश तिवारी, संदीप श्रीवास्तव, मयंक मद्धेशिया, राहुल उपाध्याय, राघवेंद्र शर्मा, डा. सुजीत सिंह, अरविंद तिवारी, डा संजय सिंह, डा. विजय के सिंह, पंकज राजभर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
