दिल्ली के द्वारका में मकान की छत गिरने से दंपति की मौत, तीन बच्चे घायल
नई दिल्ली। देश की राजधानी के द्वारका इलाके के हर्ष विहार कालोनी में सोमवार रात सीलन के कारण कमजोर पड़े एक मकान की छत ढहने से दंपति की मौत हो गई जबकि उनके तीन बच्चे दबकर घायल हो गए।
दमकल विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार की रात करीब एक बजे हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छत ढहने से सुनील और उनकी पत्नी रचना की मौत हो गई और और उनके बच्चे वैभव (19), गुलशन (16) और गुनगुन (9) घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रात एक बजे द्वारका के हरि विहार इलाके में छत ढहने के बाद पांचों मलबे में दब गए थे। पांचों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुनील और रचना को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके तीन बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मकान पुराना बताया जा रहा है और आशंका है कि दिल्ली में शनिवार और रविवार को हुई बारिश की वजह से इस मकान की छत गिर गई।
इससे पहले दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रविवार को मिसालगढ़ी में पांच मंजिला एक निमार्णधीन इमारत ढह गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हैं। वहीं 17 जुलाई की रात ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी गांव में भी इमारत गिरने से दस लोगों की मौत हो गई थी।

