ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन के साथ गुणवत्तापरक शिक्षा को सुनिश्चित करना है : गिरि
मऊ। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अन्तर्गत विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेला कसैला, दोहरीघाट में बुधवार को प्रारम्भ हुआ। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में सदस्यों को सम्बोधित करते हुए मास्टर ट्रेनर बृजेश कुमार गिरि ने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन और ठहराव के साथ गुणवत्तापरक शिक्षा को सुनिश्चित करना है। इसके अन्तर्गत सरकार द्वारा प्रत्येक माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के गठन द्वारा अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता को सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। मास्टर ट्रेनर राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि एस.एम.डी.सी. से यह अपेक्षा की जाती है कि वह विद्यालय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों की समस्या के हल निकालने लिए कार्ययोजना बनाये और उसकी मानीटरिंग व समीक्षा भी करे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या पूनम चौधरी, उषा रानी, अनीता, जनप्रतिनिधि अवधेश एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

