टीबी से लड़ने को तृतीय चरण के अभियान में 12 टीम तैनात
■ टीबी हारेगा देश जीतेगा
मऊ। वर्ष 2025 तक तक भारत को टीबी से मुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी दिशा में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में 25 दिसंबर से संचालित ‘टीबी हारेगा देश जीतेगा’ अभियान का तीसरा चरण 13 जनवरी से प्रारंभ हो चुका है जो 25 जनवरी तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीश चन्द्र सिंह ने बताया कि तीसरे चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीम निजी क्षेत्र के चिकित्सकों, क्लीनिक और अस्पतालों, पैथोलॉजी एवं फुटकर दवा विक्रेताओं के पास जाकर उनसे टीबी मरीजों की पूरी जानकारी प्राप्त कर एवं उसे निक्षय पोर्टल पर अंकित कराई जा रही हैं। साथ ही उनके माध्यम से टीबी के मरीजों का डाटा विभाग को उपलब्ध कराने के लिये जागरुक किया जा रहा है। जिले में 01 अप्रैल 2018 के बाद से चल रहे निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगियों को इलाज के दौरान आधार लिंक खाते में 500 रुपये हर माह पौष्टिक आहार के लिए दिये जाते हैं। निजी क्षेत्र में इलाज करने वाले मरीज अपना पोर्टल पर पंजीकृत करा कर इसका लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ एसपी अग्रवाल ने बताया कि तृतीय चरण के अभियान के लिए कुल 12 टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित तिथि में भ्रमण कर टीबी मरीजों के निजी क्षेत्रों में इलाज की सूचना प्रेषित करेंगे। अब तक सात टीमों द्वारा 97 निजी चिकित्सकों, क्लीनिक और अस्पतालों, पैथोलॉजी एवं फुटकर दवा विक्रेताओं के यहाँ पहुंचकर 93 टीबी मरीजों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई है।
जिला पीपीएम समन्वयक जयदेश यादव द्वारा बताया गया कि अभियान में डीपीटीसी पशुपतिनाथ सिंह, प्रमोद सिंह, प्रशांत सिंह, उदय भान सिंह, अशोक यादव, बृजेश यादव, शैलेश कुमार, रमेश कुमार इत्यादि लोगों ने सभी लक्षित स्थानों पर पहुँचकर टीबी के मरीजों के बारे में जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।

