अपना जिला

खुशहाल दिवस आज, निशुल्क बंटेगा कंडोम

मऊ। जनपद के सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर वृहस्पतिवार यानि 21 जनवरी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा “खुशहाल परिवार दिवस” मनाया जायेगा। इसका आयोजन मुख्यालय से लेकर गांव तक सभी स्वास्थ्य इकाईयों पर होगा। इस दौरान परिवार नियोजन संबंधी गतिविधियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों सहित निःशुल्क सेवाएँ दी जायेगी और साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि समुदाय स्तर पर परिवार नियोजन को बढ़ावा देने, इसके प्रति जागरूकता लाने और इसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और परिवार नियोजन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका तय करना है। प्राइवेट नर्सिंग होम, गैर सरकारी संस्था, आशा, एएनएम, प्रोग्राम मैनेजर आदि जो परिवार नियोजन के क्लाइंट को प्रोत्साहित या सेवाएं प्रदान किए जाने में उत्कृष्ट सेवा या योगदान दिए हैं, उन्हें भी चिन्हित कर अगले दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।

जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबन्धक (डीसीपीएम) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जिले की समस्त 1967 आशा कार्यकर्ता को इस विशेष दिवस के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आशा कार्यकर्ता कोरोना काल में भी दूर दराज तक के गावों और घरों व परिवारों तक पहुँच कर उन्हें प्रोत्साहित कर रही हैं और सभी को आयोजन स्थल पर पहुच कर कार्यक्रम में शामिल होकर लाभ उठाने के लिये प्रेरित कर रही हैं।

जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ ने बताया कि आज के दिन विशेष तौर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुरा पर ज्यादा से ज्यादा महिला नसबन्दी, कॉपर-टी, अंतरा और छाया की निःशुल्क सेवाएँ देने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *