अपना जिला

जनपद में चलेगा योग पखवाड़ा, 30 जून तक मनाया जाएगा

मऊ। 21 जून को पांचवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग पखवाड़ा 15 जून से संचालित किया जा रहा है यह पखवाड़ा 30 जून तक मनाया जाएगा। इस क्रम में योग दिवस की तैयारी को लेकर गत दिवस जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न की गयी।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा, इस सम्बन्ध में आयुष विभाग द्वारा निर्देश दिया गया है कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष योग दिवस के आयोजन में अधिक संख्या में युवाओं को जोड़ते हुए उत्साहपूर्वक मनाया जाए। इस मौके पर जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर योग दिवस का आयोजन वृहद रूप से कराया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए।

उन्होने बताया कि योग से व्यक्ति का तनाव दूर होता है और मन और मस्तिष्क को भी शांति मिलती है। योग बहुत ही लाभकारी प्रक्रिया है जो व्यक्ति को पूरी तरह से स्वस्थ रखता है।

योग से फायदे के बारे में सदर अस्पताल के योगा ट्रेनर संजीव ने बताया कि योग से वजन में कमी, एक मजबूत एवं लचीला शरीर, सुन्दर चमकती त्वचा, शांतिपूर्ण मन, अच्छा स्वास्थ्य जो आप चाहते हैं, वह योग आपको देता है। योग को केवल कुछ आसनों द्वारा आंशिक रूप से समझा जाता है लेकिन इसके लाभ का आंकलन शारीरिक स्तर पर समझा जाता है। हम ये जानने में असफल रहते हैं कि योग हमें शारीरिक,मानसिक रूप से तथा श्वसन में लाभ देता हैं। जब आप सुन्दर विचारो के संग होते हैं तो जीवन यात्रा शांति, ख़ुशी और अधिक ऊर्जा से भरी होती हैं। आज बहुत से लोग मोटापे से परेशान है, उनके लिए योग बहुत ही फायदेमंद है।

इस अवसर पर जिले के 73 विभाग सहित सामाजिक संस्थान के लोगों के साथ मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अर्थ एवं सख्या अधिकारी, उप जिलाधिकारी मु.बाद गोहना अतुल वत्स, समाज कल्याण अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी आदि सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *