कोरोना टीकाकरण के लिये तैयार हो रही स्वास्थ्य कर्मियों की सूची
● पहले सभी सरकारी व छोटे-बड़े निजी चिकित्सालयों के स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगा टीका
● मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों से सूची तैयार करने को कहा
● चिकित्सा – स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव ने डीएम को इस बारे में भेजा है पत्र
मऊ। कोविड-19 की रोकथाम संबंधी टीकाकरण के लिए अग्रिम तैयारियां शुरू कर दी गई हैं । टीका (वैक्सीन) आने के बाद सबसे पहले सरकारी और निजी चिकित्सालय में कार्यरत तकनीकी और गैर तकनीकी स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने सभी सरकारी और छोटे-बड़े निजी अस्पतालों से सूची तैयार करने को कहा है। अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों तथा निजी अस्पतालों के संचालकों की अलग-अलग बैठक में उन्हें निर्देशित भी किया जा रहा है। उन सभी से आह्वान किया जा रहा है कि यह कार्य प्राथमिकता के साथ होना चाहिए। इस संबंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेज कर आदेशित कर दिया है। जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष व जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल के निर्देशन में सरकारी और छोटे-बड़े निजी अस्पताल के कार्यरत समस्त स्वास्थ्य एवं संबंधित कर्मियों का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिये जाचुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शासन और जिलाधिकारी से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार जनपद में कार्यरत समस्त मेडिकल पैरामेडिकल स्टाफ को सूचित किया जा रहा है। इस सूची में नियमित कर्मचारियों के अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा और आउटसोर्सिंग के कर्मचारी भी शामिल होंगे। जिले में क्रियाशील राज्य और मंडल स्तरीय कार्यालयों में कार्यरत विभागीय कर्मचारियों समेत सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेज पैरामेडिकल कॉलेज विद्यार्थियों और निजी अस्पतालों के समस्त स्टाफ को सूचीबद्ध किया जाएगा। जनपद के केंद्रीय स्वास्थ्य संगठनों को इस सूची से बाहर रखा गया है, इनकी पृथक सूची पर केंद्रीय स्तर पर तैयार किया की जा रही है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर आरके झा ने बताया – सीएमओ कार्यालय के टीकाकरण इकाई की देख-रेख में सूची तैयार होगी स्वयंसेवी संस्था यूएनडीपी से तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होने बताया कि संकलित की गयी समस्त सूचियों को कोविड वैक्सीनेसन बेनिफिशियरी मैनेजमेंट सिस्टम (सीवीबीएमएस) पर अपडेट किया जाएगा। जब टीका आएगा तो सूची के अनुसार टीकाकरण किया जाएगा।

