खंदवा गांव के अधूरे नाले का निर्माण कराकर गंदा पानी से निजात दिलाने की मांग
बिल्थरारोड / बलिया। क्षेत्र के खंदवा गांव के प्रधान प्रतिनिधि सहित दर्जनों ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को पत्रक देकर गांव के अपूर्ण नाले का निर्माण कराने व उसके गंदे पानी का निकास सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले के निस्तारण के लिए एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया है।
उपजिलाधिकारी सन्त को दिए गए पत्रक में खंदवा गांव के ग्रामीणों ने लिखा है उनके गांव की कुल आबादी लगभग 5000 है। जिसमें आधे गांव के पानी का निकास उत्तर दिशा की तरफ होता है। इस नाले का लगभग 5 सौ मीटर निर्माण कार्य अभी भू अधूरा है जिसे गांव के ही एक परिवार के दो भाईयों द्वारा रोक दिया गया है। उनके इस कार्य के चलते नाले का पानी गांव में ही जमा हो गया है तथा सड़ कर बजबजाने लगा है। नाले के गंदे पानी के सड़ने से पूरे गांव में प्रदूषण का आलम है तथा अनेक संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से उक्त नाले के निर्माण की पुरजोर मांग की है। लिखा है कि यदि उक्त नाली का निर्माण कर महात्मा गांधी इंटर कॉलेज से सटे नाले में गिरा दिया जाता है तो पूरा गांव प्रदूषण मुक्त हो जाएगा और संक्रामक बीमारियों के फैलने की भी आशंका समाप्त हो जाएगी। ग्रामीणों ने एसडीएम से जनता के हित में अधूरे पड़े नाले का अतिशीघ्र निर्माण सुनिश्चित किए जाने की मांग की है ताकि सरकार के स्वच्छ भारत मिशन योजना साकार हो सके। पत्रक पर हस्ताक्षर करने वालों में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरिश्चंद्र प्रसाद, जितेंद्र प्रजापति, मंगल शर्मा, प्रिंस प्रजापति, भुलई यादव, राम अवध प्रसाद, शिव धन प्रजापति, कैलाश प्रसाद, बृजेश प्रजापति, अंकित मौर्या, आशीष प्रजापति, योगेंद्र, जवाहिर, फूलचंद, रमेश, मेवालाल, ज्ञानचंद, सतीश मौर्या, मनोज यादव आदि प्रमुख हैं।

