मऊ प्रशासन

स्वतंत्रता दिवस पर रामपुर बेलौली चौकी से बना थाना, SP ने किया उद्घाटन

● कुछ माह पूर्व ही शासन से मिली थी मंजूरी, थाने की स्थापना से मऊ-बलिया बार्डर पर लगेगी अपराधिक घटनाओं पर ब्रेक

मऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने रामपुर बेलौली चौकी का थाने के रुप में विस्तार किया। उन्होंने बकायदा फीता काटकर थाने का उद्घाटन किया। कहा कि 48 घंटे के अन्दर उच्चाधिकारियों से बातचीत कर थाने की आवश्यकतानुसार जनशक्ति बढ़ा दी जाएगी।
मधुबन व बेेल्थरा रोड क्षेत्र स्थित मऊ- बलिया जनपद का यह बार्डर अपराधियों का गढ़ माना जाता रहा है। मऊ के अपराधियों ने बलिया के बिल्थरारोड में अनेक अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर वापस भागने में कामयाब रहे हैं। बिल्थरारोड का चर्चित प्रेमचन्द व तारिक हत्याकांड को आज भी लोग भूले नहीं है। वहीं ग्रामीण बैंक के मैनेजर व पेट्रोल पंप लूटकांड की घटना भी लोगों के जेहन में है। निश्चित रूप से रामपुर बेलौली चौकी का थाने के रुप में विस्तार अपराधिक घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

74 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाने का उद्घाटन करते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर एफ आई आर दर्ज कर थाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कहा कि शासन के द्वारा यह पहले ही स्वीकृत किया जा चुका था। जानकारी दी कि थाने की नई बिल्डिंग के लिए स्थान चिन्हित है तथा इसका भूमि पूजन भी हो चुका है। कहा कि शीघ्र ही थाने का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बताया कि अस्थाई तौर पर चौकी में ही थाने का कार्य शुरू करने के लिए बैरक का निर्माण कराया गया है तथा नई बिल्डिंग बनने तक चौकी को ही थाना संचालन के लिए पर्याप्त बनाया गया है। उन्होंने इसके लिए चौकी प्रभारी की भी प्रशंसा की। बताया कि 7 दिन के अंदर एफआईआर. रजिस्ट्रेशन व जीडी की कार्रवाई हर हाल में शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी थाने के हिसाब से यहां जनशक्ति कम है जिसे 48 घंटे के अंदर उच्चाधिकारियों से बातचीत के बाद 40 से 50 नयी तैनाती कर बढ़ा दी जाएगी। बताया कि थाने के अंतर्गत 68 राजस्व गांव हैं तथा थाने के संचालन के लिए जो भी आवश्यकता होगी उसे शीघ्र पूरी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *