अपना जिला

सकारात्मक बदलाव एवं विकास की ओर अग्रसर है अपना मऊ : तय्यब पालकी

मऊ। नगर क्षेत्र स्थित वार्ड सं0 5 भीटी में पुराना नाला होते हुये रामपति के मकान से नदी तक लगभग 24.99 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले नाला निर्माण व स्लैब कार्याें का लोकार्पण वार्ड सभासद आशीष कुमार (विक्की) की उपस्थिति में पालिकाध्यक्ष श्री तय्यब पालकी ने किया। सभासद आशीष कुमार ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर श्री पालकी का आभार व्यक्त किया। कहा कि इस समय पूरे नगर में श्री पालकी द्वारा लगातार जनहित योजनाओं को पूर्ण कर अवाम को समर्पित किया जा रहा है जिससे नगर को कई प्रकार की सहूलत प्राप्त हो रही है। 

लोकार्पण करते हुये पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि नगर उन्नति कर रहा है। कहा कि आगामी बरसात को मद्देनजर रखते हुये उन्होंने पालिका में जमादारों संग बैठक कर नगर की सफाई के प्रति समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जमादारों को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर नगर क्षेत्र स्थित सभी नालों एवं नालियों को साफ करायें ताकि जल-जमाव की समस्या उत्पन्न न होने पाये और बरसात का पानी आसानी से नगर क्षेत्र से बाहर निकल जाये। पूर्व उपाय के रूप में पालिका द्वारा नगर में 50 से अधिक स्थानों पर नाला निर्माणाधीन हैं, औरंगाबाद से भदेसरा तक बन्धा रोड पर आर0सी0सी0 कार्यारम्भ हो चुका है, चांदपुरा रोड से लगी निर्माणाधीन नाली पूर्ण होते ही वहां पिच रोड बनेगा, फातिमा रोड पर जाम लगे रहने से बच्चों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, जिससे बचाव व सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल के बाहर प्लेटफार्म के रूप में 20ग60 मीटर की पटरी बनायी जा रही है, बुनकर कालोनी व दीवानी कचहरी में भी पटरी चैड़ीकरण का काम चल रहा है।

इसी के साथ नगर के सभी वार्डाें में तेजी से विकास एवं निर्माण कार्य कराये जा रहे हैं ताकि आवागमन सुगम एवं सुचारू हो। हम सरकार की मंशा के अनुरूप एक तरफ स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत नागरिकों को घरों में शौचालय बनाने हेतु 20000.00 रूपये की धनराशि अनुदान के रूप में दे रहे हैं तो दूसरी ओर अनेकों स्थानों पर पालिका स्तर से सुलभ शौचालय भी निर्मित कराये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे है एवं उन्हें नगर को स्वच्छ रखने की प्रेरणा दे रहे हैं। पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिये सभी को एक साथ मिलकर संयुक्त रूप से कार्य करने की आवश्यकता पर बल देते हुये कहा कि टीम वर्क से ही अच्छे नतीजे सामने आयेंगे। हम नगर को सकारात्मक बदलाव एवं विकास की ओर ले जा रहे हैं और इसके लिये हमारे द्वारा नगर में बेहतर व्यवस्था देने हेतु आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर भी काम किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से मुनौव्वर अब्दुल गफूर मेम्बर, नसीम अख्तर मेम्बर, आशीष कुमार (विक्की) मेम्बर, धीरज राजभर मेम्बर, विनय सिंह मेम्बर, राजू सैनी मेम्बर, खुशहाल सिंह बड़े मेम्बर व रामपति राम, श्याम लाल पांचू, लल्लन, बब्लू, सुनील, सचितानंद शर्मा, बृजेश कुमार, चंद्रशेखर आदि के इलावा बड़ी संख्या में वार्ड वासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *