बन्दर के आतंक से ग्रामीण परेशान
नदवासराय/मऊ। कोतवाली घोसी अन्तर्गत मुजडाड़, चकिया, कलाफनपुर आदि गांव में बन्दर के आतंक से ग्रामीण परेशान है। बन्दर ने अब तक एक दर्जन लोगों को काट कर घायल कर दिया है। जिससे राहगीर, वाहन चालक, साइकिल चालक आदि बन्दर के दहशत से गांव के मार्गो से डर-डर के गुजर रहे हैं और ग्रामीण बन्दर के दहशत से अपने घर में दुबकने को विवश है। बताया गया है कि बन्दर एक ट्रेक्टर के सायलेन्सर से कुछ दिन पहले जलकर घायल हो गया था तभी से वाहन चालकों, साइकिल चालकों, राहगीरों आदि को काटकर घायल कर रहा है।
इस बावत ग्रामीणों ने बताया कि बन्दर ने अबतक जगधारी, पृथ्वी चौहान, राहुल, बृजेश, चालचन्द, जयचन्द, मनोज, कवलवास, मकरध्वज, राजकुमार कन्नौजिया आदि को काटकर घायल कर दिया जिनका इलाज चल रहा है। इधर वनविभाग के फारेस्टर अवधेश राय से पूछे जाने पर इन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी व्यवस्था की जायेगी।
