अपना जिला

शहीद धर्मेन्द्र की शहादत पर रो पड़ा पूरा गाँव, यूपी सरकार के मंत्री नन्दी ने दी श्रद्धांजलि

(मु. अशरफ)
मऊ। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़ियाधर के निवासी धर्मेन्द्र यादव पुत्र खेदन यादव जो सीआरपीएफ में तैनात थे मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के हमले में अपने नौ साथियों के साथ शहीद हो गये। जिसकी सूचना मिलते ही पूरा इलाका शोक की लहर में डूब गया और परिजनों को गहरा आघात लगा। बुधवार को सुबह से ही शहीद धर्मेन्द्र के घर पार्थिव शरीर की प्रतीक्षा में लोगों का तांता लगा रहा। आसपास के क्षेत्रों के साथ आजमगढ़ व मऊ के लोग भी शोक संवेदना व्यक्त करने हेतु शहीद धर्मेन्द्र के पैतृक आवास पर सुबह से ही पहुंचने लगे और पूरे दिन जमे रहे। आसपास की सैकड़ों महिलाएं शहीद की माँ प्रभावती व पत्नी उमा देवी के साथ विलाप करती रहीं और उनके बच्चों सन्नी,सुमन व संध्या का भी रो रो कर बुरा हाल हो गया। साथ ही शहीद के परिजनों तथा रिश्तेदारों की चीख पुकार सुनकर लोगों की आँखें नम हो जा रही थीं। मृदभाषी और अपने कुशल व्यवहार से पूरे इलाके में चर्चा में रहे धर्मेंद्र यादव की शहादत को पूरा क्षेत्र भूल नही पायेगा। वहीं छुट्टी पर घर आने के बाद पूरे गांव के जवान बूढ़े बच्चे सभी उनके घर मिलने आते थे वहीं गांव ही नही पूरे क्षेत्र उनके सहपाठी व दोस्तों से अच्छे संबंद्ध के चलते पूरी छुट्टी दोस्तों के बीच ही खत्म हो जाती थी। वहीं उनके कुशल व्यवहार की चर्चा कर उनके गांव के बूढ़े जवान बच्चे सभी की आंखें नाम थी। गांव के बहादुर बेटे की शहादत पर गर्व है। शहीद धर्मेन्द्र यादव के शहादत की अचानक खबर मिलने से उनके बचपन के साथियों को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उनका मित्र अब इस दुनिया में नहीं है। वह उन्हें हमेशा के लिए छोड़कर इस जहाँ से विदा हो गया है। शहीद धर्मेन्द्र के मित्र लालू यादव ने कहा कि धर्मेन्द्र काफी मिलनसार थे। अशोक यादव तथा सुनील यादव ने बताया कि वह कभी किसी से टूटकर नहीं बोले। अजय यादव, पिन्टू यादव तथा डब्लू यादव अपने मित्र धर्मेन्द्र को याद करते हुए फफक कर रो पड़े।
शहीद धर्मेन्द्र यादव के पार्थिव शरीर की प्रतीक्षा में उनके पैतृक आवास पर पुरूषों के साथ महिलाएं भी रोते हुए धर्मेन्द्र यादव अमर रहें,भारत माता की जय व इन्कलाब जिंदाबाद के नारे गगनभेदी स्वर के साथ लगा रहीं थी। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी सहित स्थानीय विधायक श्रीराम सोनकर भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता शहीद सत्ता पक्ष विपक्ष के सैकड़ों नेतागण धर्मेंद्र यादव के गांव पहुंचकर उन्हें अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धांजलि दी तथा कहा कि हम धर्मेंद्र की शहादत को कपड़े नहीं भूल सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *