खास-मेहमान

लद्युकथा : ”काका”

आज मंजरी को न जाने क्या हो गया था कि वह सारे दिन अपने केबिन से बाहर नहीं निकली थी . बहुत उदास और परेशान थी . मगर फिर भी काम कर रही थी . शाम को सभी लोग ऑफिस से जाने लगे तो मंजरी अपने कमरे से बाहर निकल टॉयलेट में चली गयी . काफी देर तक वह बाहर नहीं निकली .

अनोखेलाल उनके केबिन में गया और चाय के कप उठाने लगा . जब सफ़ेद कुर्सी पर निगाह पड़ी तो वह माजरा समझ गया . वह भी तो बेटी का बाप था . वह अपने साथी को बोलकर बाहर चला गया . वापसी में उसके हाथों में एक थैला था .

उसने देखा कि केबिन अभी भी खाली पड़ा था और टेबल पर बैग पड़ा हुआ था . पौने साथ बज रहे थे . उसने हिम्मत कर लेडिज टॉयलेट का दरवाजा खटखटाया .

“कौन है ?” अन्दर से आवाज आई .

“मेडम जी ! अनोखेलाल हूँ चौकीदार .” वह बोला .

“अभी आधा घंटा इंतज़ार करो .” मंजरी बोली .

“मेडम ! जरा सा दरवाजा खोलकर कुछ सामान ले लो . आपके काम का है यह .”

मंजरी असमंजस में पड़ गयी . मगर मन में ख्याल आया कि ये तो अधेड़ आदमी है और कभी किसी से कुछ गलत नहीं कहता . अलबत्ता उसने ही एकबार उसे सफाई न होने पर डांट दिया था . उसने अन्दर से सिटकनी को खोल दिया और अपना हाथ बाहर कर दिया . अनोखेलाल ने थैला उसके हाथों में थमा दिया और उसके केबिन की तरफ बढ़ गया . वह गन्दी हुई कुर्सी की सफाई करने लगा .

कुछ देर बाद मंजरी बाहर निकल आई . आज उसकी निगाहें ऊपर नहीं हो रहीं थी .

“काका ! मुझे माफ़ कर दो !”

“तुम भी तो मेरी बेटी की तरह हो . कोई अपनी बेटी की परेशानी कैसे देख सकता है . गरीब आदमी हूँ मैं घर में यही सबसे अच्छी साड़ी थी . मुझे माफ़ कर देना बेटी .” अनोखेलाल बोला .

मंजरी ने भरी आँखों से अनोखेलाल के पैर छुए और बाहर निकल पड़ी सिर ऊँचा किये . अगले दिन उसके हाथों में दो थैले थे काका अनोखेलाल के लिए .

शब्द मसीहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *