अपना जिला

रतनपुरा डाकघर में एक पखवाड़े से चल रहा है सर्वर डाउन 

रतनपुरा/मऊ। स्थानीय डाकघर का सर्वर पिछले एक पखवाड़े से डाउन चल रहा है। जिससे डाकघर का  सारा कामकाज पूरी तरह से ठप हो चुका है! डाकघर के कर्मचारी कार्यालय आते हैं, और बैठे रहते हैं ,सर्वर डाउन होने की सूचना डाकघर के कर्मचारियों द्वारा प्रवर डाक अधीक्षक आजमगढ़ को दे दी गई है। परंतु एक पखवाड़े के भीतर क्या काम हुआ है, यह खुद डाक अधीक्षक नहीं बता पा रहे हैं। रतनपुरा प्रखंड के मुबारकपुर ग्राम पंचायत निवासी योगेंद्र यादव मंगलवार के दिन अपने खाते से 40000 रुपया निकालने के लिए गए थे, कर्मचारियों ने बताया कि सर्वर डाउन है जबकि जोगिंदर यादव पिछले 3 दिनों से लगातार डाकघर के संपर्क में थे, लेकिन तकनीकी खामी को दुरुस्त नहीं करने की वजह से आज उन्हें पुनः वापस लौटना पड़ा! उन्होंने प्रवर डाक अधीक्षक आजमगढ़ से मोबाइल फोन पर रतनपुरा डाकघर के अनियमितता की सूचना दी ,और बताया कि एक पखवाड़े से डाकघर का सर्वर फेल चल रहा है! कामकाज बाधित है। शादी विवाह की धूम मची हुई है, ऐसी परिस्थितियों के चलते लोगों को लेन-देन मे कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। खाते में रकम रहने के बावजूद भी उन्हें डाकघर की गणेश परिक्रमा करनी पड़ रही है! लोग काफी दिनों से कई -कई बार रकम निकालने और जमा करने के लिए डाकघर का चक्कर काट रहे हैं।
बताया जाता है कि जब भी डाकघर का सर्वर डाउन होता है तो उच्चाधिकारी इस पर तनिक भी ध्यान नहीं देते। कार्यालय में सबकुछ रामभरोसे चलता है। लघु एवं सावधि जमा योजनाओं में जमा करने वाले निवेशक, बचत अभिकर्ता सभी लोग परेशान हैं! जानकारी मिली है कि पिछले दिनों डाकघर के इंस्पेक्टर भी रतनपुरा आए थे ,उन्हें भी इसकी जानकारी दी गई,परंतु वह भी असहाय से पड़े रहे। इस तरह की अनियमितता,लापरवाही के चलते डाकघर के ग्राहकों और निवेशकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

(रतनपुरा से फतेह बहादुर गुप्ता की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *