खेल-खिलाड़ी

बुनकर युनाइटेड क्लब अदरी ने यंग अंसार क्लब खैराबाद पर 4-3 के मुकाबले 1 गोल से जीत दर्ज की

मऊ। दीपू फर्नीचर डिस्ट्रिक्ट फुटबाल टूर्नामेन्ट के तत्वावधान में सोमवार को अनवर नोमानी स्टेडियम (आजाद ग्राउण्ड) में एक फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मऊ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने किया। पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करने के उपरान्त मैच का उद्घाटन पटाखों की गूँज के बीच किया। उद्घाटन के इस अवसर पर नगर एवं आस-पास के क्षेत्रों से आये हुये फुटबाल प्रेमियों की भारी भीड़ एकत्र थी।
इस टूर्नांमेट में यंग अंसार क्लब खैराबाद एवं बुनकर युनाइटेड क्लब अदरी के दरमियान टक्कर का मैच खेला गया। खेल अत्यन्त रोमांचक एवं मोहक रहा। दोनों टीमें लगातार एक दूसरे पर जीत के लिये आक्रामक प्रहार करती रहीं, पर मैच ड्रा हो जाने से पेनाल्टी शूट-आउट के द्वारा हार जीत का फैसला हुआ। बुनकर युनाइटेड क्लब अदरी ने यंग अंसार क्लब खैराबाद पर 4-3 के मुकाबले 1 गोल से जीत दर्ज की।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोगों से मुखातिब तय्यब पालकी ने मैच में आये हुए सभी अतिथियों, फुटबाल-प्रेमियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जीतने वाली टीम को बधाई दी जबकि हारने वाली टीम से कहा कि हमारी विफलता हमें जीवन में निरन्तर आगे बढ़ते रहने की सीख देती है। श्री पालकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल हमें अनुशासन सिखाते हैं। अनुशासन के बिना हम जीवन में उन्नति नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हमें पहले अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिये और फिर उस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सही दिशा में अनुशासन एवं पक्के इरादे के साथ कड़ी मेहनत करनी चाहिये। श्री पालकी ने अपने वक्तब्य में कहा कि जीत किसी खिलाड़ी की अकेली उपलब्धि नहीं होती बल्कि टीम के सभी खिलाड़ियों के ताल-मेल, आपसी समन्वय, अनुशासन और सामूहिक योगदान से ही मुम्किन हो पाती है। जिन टीमों के खिलाड़ियों में यह गुण मौजूद होते हैं उन्हें कोई मात नहीं दे पाता और उनकी जीत का मार्ग साफ होता चला जाता है। श्री पालकी ने अपनी प्रेरणा में कहा कि जीवन में लक्ष्य का बड़ा ही महत्व है और जब पहले से लक्ष्य निर्धारित रहता है तभी अनुशासन एंव ताल-मेल से मंजिल का निशां भी मिलता है। इस लिये हम सभी को पहले अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने की आवश्यकता है ताकि लक्ष्य प्राप्ति के लिये सार्थक कदम उठाकर लक्षित मंजिल की ओर बढ़ सकें। श्री पालकी ने कहा कि हम यह मानते हैं कि खेल हमारे जीवन के लिये अति आवश्यक हैं। विशेष रूप से फुटबाल हमारे देश एवं विश्व का लोकप्रिय खेल है और इसे खेलने वाले खिलाड़ियों का स्वास्थ्य बेहतर एवं शरीर चुस्त-दुरूस्त एवं फुर्तीला रहता है। इससे हमारा मस्तिष्क भी तीव्र होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही आपको खेलों पर भी ध्यान देना चाहिये ताकि स्वास्थ्य बेहतर बना रहे। श्री पालकी ने कहा कि जब आप सवस्थ्य रहेंगे तभी अपने एवं अपने परिवार तथा राष्ट्र के लिये सार्थक योगदान दे सकेंगे।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में इनाम अहमद उर्फ ‘दीपू’ के इलावा नसीम मेम्बर, नौशाद कलेण्डर मेम्बर, अब्दुल कादिर मेम्बर व फिरोज कुरैशी, अबू अंसारी, अमीर फैसल, खैरुलबशर आदि के इलावा लोगों की भारी भीड़ उपस्थित रही। मैच का संचालन मजहर मेजर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *