‘बुआ और बबुआ’ की जोड़ी ने BJP को दिया जोर का झटका
नॉर्थ में जीत का परचम लहराने वाली बीजेपी को उत्तर प्रदेश में करारा झटका लगा है. उत्तर प्रदेश में लोकसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को ‘बुआ और बबुआ’ की जोड़ी ने जबरदस्त शिकस्त दी है. इस चुनाव को 2019 की आम चुनाव का सेमिफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था. गौर करने वाली बात ये है कि इन दोनों सीटों की चर्चा इसलिए भी बहुत ज्यादा है क्योंकि इसमें एक सीट उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खाली की गई थी तो दूसरी सीट प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के द्वारा खाली की गई थी. चुनाव को समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की गठजोड़ ने रोमांचक बना दिया था. जिसके बाद नतीजे भी चौकाने वाले ही आएं. समाजवादी पार्टी की इस जीत से उम्मीद लगाई जा रही है कि 2019 के आम चुनाव में भी एसपी और बीएसपी एक साथ मैदान में उतर सकती है. इस बात के संकेत खुद अखिलेश यादव ने जीत के बाद मायवाती से मुलाकात कर के दे भी दी है.

