अपना जिला

प्रतापगढ़ में सेल्समैन को बदमाशों ने गोली मारी

इलाहाबाद। जनपद के कोहड़ौर क्षेत्र के चंदौका गांंव के पास बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार रात एक सेल्समैन को गोली मार दी। सेल्समैन लूट का विरोध कर रहा था। घायल सेल्समैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। उधर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने उन पर भी फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गए।

बता दें कि कांधरपुर गांव निवासी केशव प्रताप सिंह चाय पत्ती का सेल्समैन है। वह पिकअप से चाय पत्ती बांटता है। मंगलवार रात केशव प्रताप सिंह घर लौट रहा था। चंदौका गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता बदमाश उससे लूटपाट करने लगे। इसका केशव प्रताप ने विरोध किया तो तमंचे से उसे गोली मार दी। पेट में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश 4200 रुपये छीनकर भागने लगे। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े और घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, जिस पर बदमाशों ने ग्रामीणों पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दहशत के मारे ग्रामीण अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भागने लगे। वहीं बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन को जिला अस्पताल लाया गया है। यहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह नाकेबंदी की गई है। हालांकि, अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *