पटकथा लेखन में रुचि रखने वाली प्रतिभाओं की मदद और मार्गदर्शन किया जाएगा : मिथिलेश
देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल फेसबुक पेज पर शनिवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुम्बई फ़िल्म/टीवी इंडस्ट्री के स्क्रीप्ट राइटर/एंकर/कॉमेडियन मिथिलेश तिवारी को आमंत्रित किया गया था । कार्यक्रम के प्रारंभ में पेज के एडमिन और राजभाषा अधिकारी व सुप्रसिद्ध कवि देवकान्त पाण्डेय ने आमंत्रित अतिथि का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया । उसके बाद मिथिलेश तिवारी ने इस क्षेत्र में अपने भविष्य बनाने से लेकर अपने द्वारा लिखे गए विभिन्न टीवी शो के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के जो युवा इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, वे उनकी हर संभव मदद और उनका मार्गदर्शन करेंगे । उल्लेखनीय है कि मिथिलेश तिवारी तमाम टीवी शो जैसे कि मूवर्स एंड शेकर्स (सोनी टीवी), लाफ्टर चैलेंज शो (स्टार प्लस), टेढ़ी बात शेखर के साथ (सब टेलीविजन), पोल खोल विद शेखर सुमन (ए बी पी न्यूज़), लाइफ का रिचार्ज (एंड टीवी), कॉमेडी क्लास (लाइफ ओके चैनल), फकीर ए आजम (इंडिया टीवी), राजू हाजिर हो (आज तक चैनल), गुस्ताखी माफ (एनडीटीवी) आदि लिख चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बीच-बीच में अपनी कॉमेडी से दर्शकों का खूब मनोरंजन भी किया । साथ ही उन्होंने देवकली देवलास जैसे पवित्र धार्मिक स्थल के महत्व के बारे में भी चर्चा की और इस स्थल को देश के पर्यटन के मानचित्र पर लाये जाने की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए सामूहिक प्रयास किये जाने चाहिए ।

